Vistaar NEWS

MP News: एमपी में ‘चीता प्रोजेक्ट’ को मिली नई उड़ान, कूनो नेशनल पार्क में सीएम मोहन यादव ने छोड़े दो मादा चीते

CM Mohan Yadav releases two female cheetahs in Kuno National Park.

कूनों नेशनल पार्क में सीएम मोहन यादव ने छोड़े दो मादा चीते

रिपोर्ट – हेम कुमार तिवारी

MP News: मध्‍य प्रदेश के श्‍योपुर में सोमवार यानी आज सीएम मोहन यादव ने सुबह कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाए गए 9 चीतों में से सीसडी-2 और सीसीड़ी-3 नाम के दो मादा चीतों को खुले जंगल में छोड़ा है. चीतों को आजाद करने के लिए सीएम मोहन यादव ने जैसे ही पिंजरे के दरवाजे खोले वैसे ही पिंजरे में बंद चीतों ने तेज रफ्तार के साथ जंगल की ओर दौड़ लगा दी.

कूनों नेशनल पार्क में चीतों को आजाद करने के दौरान प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, रामनिवास रावत, गुड्डी बाई आदिवासी और जिला अध्‍यक्ष शशांक भूषण और तमाम जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी समेत वन विभाग अधिकारी मौजूद रहे.

चीता प्रोजेक्ट अब सफलता का उदाहरण बन रहा – सीएम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती ने चीतों को अपने परिवार का हिस्सा बना लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के तहत शुरू हुआ ‘प्रोजेक्ट चीता’ अब पूरी दुनिया में सफलता का उदाहरण बन रहा है. उन्होंने कहा कि भारत में चीतों की पुनर्स्थापना का सपना आज साकार होता दिखाई दे रहा है और मध्य प्रदेश लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और बोत्सवाना से लाए गए चीते अब भारतीय वातावरण में पूरी तरह ढल रहे हैं. वर्तमान में देश में चीतों की संख्या 57 हो चुकी है, जिनमें 54 चीते कूनो नेशनल पार्क और 3 गांधी सागर अभ्यारण्य में हैं. उन्होंने कहा कि यह केवल वन्यजीव संरक्षण नहीं बल्कि जैव विविधता और इको-सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है.

एमपी को चीता स्‍टेट की पहचान मिल रही – सीएम

सीएम मोहन यादव ने कहा कि अब चीते खुले जंगलों में विचरण करते हुए राजस्थान सहित चंबल अंचल के कई क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं. यह मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश को अब “चीता स्टेट” के रूप में नई पहचान मिल रही है. उन्होंने वन विभाग, मेडिकल टीम, स्थानीय ग्रामीणों और प्रोजेक्ट से जुड़े सभी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने अथक मेहनत से इस अभियान को सफल बनाया है.

बोत्सवाना से लाए गए थे 9 नए चीते

गौरतलब है कि फरवरी 2026 में बोत्सवाना से 9 नए चीतों को कूनों लाया गया था, जिसमें 6 मादा और 3 नर चीते शमिल हैं. क्वारंटीन और अनुकूलन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इसमें से दो मादा चीतों को सीएम मोहन यादव ने खुले जंगल में छोड़ा है. इन चीतों की आजादी पर विशेषज्ञों का मानना है कि बोत्सवाना से आए चीते अधिक जेनेटिक विविधता के साथ लेकर आए गए हैं. इनके आने से कूनों में चीतों की स्‍वस्‍थ और दीर्घकालिक आबादी विकसित करने में मदद मिलेगी.

ये भी पढे़ं- MP के गिद्ध ने 3 देशों का सफर तय किया, 3000 किलोमीटर दूर उज्बेकिस्तान पहुंचा, CM मोहन यादव ने किया था आजाद

Exit mobile version