MP News: देवास पटाखा फैक्टी ब्लास्ट में घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे सीएम मोहन यादव, हादसे में 4 लोगों हुई मौत
सीएम मोहन यादव
MP News: मध्य प्रदेश के देवास जिले में पटाखा फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए. अस्पताल में भर्ती सभी घायलों से मिलने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज देर शाम चोइथराम हॉस्पिटल पहुंचे और सभी की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली.

सड़क पर गिरे मांस के टूकड़े
पटाखा फैक्ट्री में धमाका इतना भीषण था कि मृतकों के मांस के लोथड़े सड़क पर आ कर गिर गए. वहीं इस घटना की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया.
ग्रामीणों का आरोप, अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री
जानकारी के अनुसार, पटाखा फैक्ट्री के भीतर करीब 400 से 500 कर्मचारी काम करते थे. इसमें 200 से अधिक महिलाएं भी शामिल हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि पटाखा फैक्ट्री गांव में अवैध रूप से चलाई जा रही थी. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कमिश्नर का घेराव किया है.
सीएम मोहन यादव ने जताया दुख
हादसे पर सीएम मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है. मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा जी, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं.
मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं. बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं.
ये भी पढे़ं- देवास में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट से भीषण आग; 4 लोगों के मौत की खबर, 20 से ज्यादा घायल