MP News: केंद्रीय बजट 2026-27 पर आज सीएम मोहन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इस बजट को मोदी सरकार की संभावनाओं से भरा बजट बताया है. उन्होंने रेल बजट पर कहा कि रेल में भी क्रांति आई है. सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार का यहा बजट मध्य प्रदेश की योजनाओं का एक बेहतर आवरण है.
सीएम मोहन यादव ने की मीडिया से चर्चा
देश में आम बजट पेश होने के बाद सबकी निगाहें अब मध्य प्रदेश के बजट पर टिकी हुई है. भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सेंटर में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बजट में केंद्र सरकार ने आम लोगों के भरोसे को कायम रखा है. केंद्र ने इस बजट को भविष्य की भावी योजनाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि बजट से पहले और बाद में जिस तरह की वैश्विक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, उनसे इसके सकारात्मक असर का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि जहां पाकिस्तान जैसे देश अमेरिका से कर्ज लेने के कारण उसकी शर्तों पर चलने को मजबूर रहते हैं, वहीं भारत आज एक मजबूत और आत्मनिर्भर स्थिति में खड़ा है.
बजट में गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं पर किया फोकस
केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को केंद्र में रखा गया है. बजट में 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास के लिए अगले पांच वर्षों में 5000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे शहरी आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी. छोटे शहरों में तीर्थ स्थलों के विकास, हर जिले में महिला छात्रावास के निर्माण और जिला अस्पतालों के उन्नयन जैसे प्रावधानों से प्रदेश को व्यापक लाभ होगा. इसके साथ ही क्लिनिकल ट्रायल से जुड़े स्थलों के विकास और केयर इकोसिस्टम को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे बुजुर्गों के इलाज की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी. गंभीर बीमारियों की दवाओं के सस्ते होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
वस्त्र उद्योग के सेक्टर में रिफार्म पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बजट में वस्त्र उद्योग में सुधार पर विशेष जोर दिया गया है, जिसका फायदा मध्य प्रदेश को मिलेगा. प्रदेश को पीएम मित्र पार्क के रूप में टेक्सटाइल सेक्टर की बड़ी सौगात मिली है, जिससे करीब तीन लाख लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और लगभग छह लाख किसान लाभान्वित होंगे. इस परियोजना से मालवा-निमाड़ अंचल के विकास को नई गति मिलेगी. साथ ही बजट में रिसर्च एंड डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अधिक उपयोग पर फोकस किया गया है, जो आने वाले समय में प्रदेश और देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाएगा.
ये भी पढे़ं- रेल बजट 2026 में मध्य प्रदेश को मिली 15,188 करोड़ की सौगात, प्रदेश के विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार
