Vistaar NEWS

MP News: प्रदेश में आज होली का रंगीन उत्सव, भोपाल में निकलेगा ऐतिहासिक चल समारोह, कई शहरों में विशेष आयोजन

Holi Celebrations

होली उत्सव

MP News: मध्य प्रदेश में इस वर्ष होली का पारंपरिक उल्लास 4 मार्च, बुधवार को पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा. राजधानी भोपाल में हिंदू उत्सव समिति के नेतृत्व में शहर का ऐतिहासिक चल समारोह दयानंद चौक से निकलकर जनकपुरी तक जाएगा. इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर रंगों के इस पर्व का आनंद लेंगे.

प्रदेश के अलग-अलग शहरों में होंगे कार्यक्रम

इंदौर में भी होली को लेकर खास तैयारियां की गई हैं. शहर के कई बड़े होटलों में होली के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. वहीं उज्जैन में गुरुवार को अलग-अलग अखाड़ों में संतों की पारंपरिक होली खेली जाएगी. ग्वालियर में भी होली के अवसर पर पड़वा की शाम पारंपरिक मूर्ख सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जो महाराजा बाड़ा स्थित विक्टोरिया मार्केट के सामने होगा. उधर जबलपुर में लम्हेटा घाट स्थित इस्कॉन मंदिर में 4 मार्च को शाम 5 बजे से भक्तों के साथ हर्षोल्लास के साथ होली मनाई जाएगी. इसके अलावा इंदौर केंद्रीय जेल में भी सुबह 10:30 बजे होली उत्सव का आयोजन रखा गया है.

भोपाल में सुबह 10 बजे शुरू होगा चल समारोह

भोपाल में निकलने वाला चल समारोह सुबह 10 बजे दयानंद चौक से शुरू होगा. यह जुलूस घोड़ा निक्कास, मंगलवारा जैन मंदिर, इतवारा, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, चौकी चौक, सावरकर चौक, लखेरापुरा, भवानी चौक और सिंधी मार्केट से होते हुए जनकपुरी में समाप्त होगा. पूरे रास्ते में पारंपरिक संगीत, रंगीन झांकियां और ढोल-ताशों की गूंज से माहौल उत्सवमय बना रहेगा. हर साल की तरह इस बार भी रंग, उत्साह और सामाजिक सौहार्द का अनोखा दृश्य देखने को मिलेगा.

चंद्र ग्रहण के कारण बदली आयोजन की तिथि

इस बार 3 मार्च को चंद्र ग्रहण पड़ने के कारण आयोजन की तिथि में बदलाव किया गया है. धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं का सम्मान करते हुए समिति ने चल समारोह 4 मार्च को आयोजित करने का निर्णय लिया है.

झांकियां, ढोल-ताशे और रंगों की बौछार होंगे आकर्षण

चल समारोह में आकर्षक झांकियां, डीजे, पारंपरिक ढोल-ताशे, डुल-डुल घोड़ी और सजी हुई बग्घियां लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगी. रंगों से भरे टैंकर पूरे मार्ग में उत्सव का माहौल बनाएंगे और लोग एक-दूसरे पर रंग डालकर त्योहार की खुशी साझा करेंगे.

पीर गेट पर दिखेगा सबसे खास नजारा

इस जुलूस का सबसे खास दृश्य सोमवारा यानी पीर गेट क्षेत्र में देखने को मिलता है. जैसे ही चल समारोह यहां पहुंचता है, टैंकरों से रंगों की बौछार शुरू हो जाती है. हजारों लोग एक जगह इकट्ठा होकर रंगों से सराबोर हो जाते हैं और यह नजारा शहर में भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक बन जाता है.

इंदौर में होटल और नेताओं के यहां आयोजन

इंदौर में होली के अवसर पर कई बड़े होटल विशेष कार्यक्रमों की मेजबानी करेंगे. वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी अपने इंदौर स्थित निवास पर कार्यकर्ताओं के साथ होली का पर्व मनाएंगे.

उज्जैन में संतों की पारंपरिक होली

उज्जैन में शिप्रा नदी के किनारे स्थित बड़ा उदासीन अखाड़ा में संतों की पारंपरिक होली खेली जाएगी. पंच परमेश्वर साधु-संत सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होली उत्सव में शामिल होंगे. इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई, भांग और भजियों की व्यवस्था भी की जाएगी.

ये भी पढे़ं- ‘माफी मांगने आए हैं, या औकात पूछने’, भगोरिया पर्व पर उमंग सिंघार का तंज, कैलाश विजयवर्गीय ने दिया जवाब

Exit mobile version