MP News: भिंड जिले की अटेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने मध्य प्रदेश विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है. अपने त्यागपत्र में उन्होंने लिखा है कि पारिवारिक जिम्मेदारियों और क्षेत्र की जनता को पर्याप्त समय नहीं दे पाने के चलते वे यह दायित्व छोड़ रहे हैं.
राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजा पत्र
कटारे ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को संबोधित पत्र में कहा कि संगठन जिस किसी को भी यह जिम्मेदारी सौंपेगा, उन्हें उसका पूरा समर्थन रहेगा. उन्होंने यह भी लिखा कि पार्टी ने उन्हें इस पद के योग्य समझा, इसके लिए वे आभार व्यक्त करते हैं.
अचानक सदन से निकलकर किया मोबाइल बंद
शुक्रवार को उनकी शादी की सालगिरह भी थी. वे शाम करीब चार बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में शामिल रहे, लेकिन उसके बाद अचानक सदन से बाहर निकल गए. इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है. वे अटेर के लिए रवाना हुए या भोपाल में ही हैं, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने की आधिकारिक पुष्टि
शाम करीब सात बजे मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उनके इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि कर दी. जारी बयान में कहा गया कि उप नेता प्रतिपक्ष पद से हेमंत कटारे ने त्यागपत्र दिया है, जिसे उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार को सौंपा है.
सदस्यता बरकरार
पार्टी के संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने बताया कि कटारे ने अपने पत्र में पारिवारिक दायित्वों और समय की कमी का जिक्र किया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि मौजूदा परिस्थितियों में वे अपने विधानसभा क्षेत्र को अपेक्षित समय नहीं दे पा रहे थे, इसलिए पद छोड़ने का निर्णय लिया.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह इस्तीफा केवल पद से जुड़ा है, पार्टी की सदस्यता से नहीं. कटारे कांग्रेस के साथ पहले भी थे और आगे भी सक्रिय रूप से जुड़े रहेंगे. उनके त्यागपत्र को स्वीकार करना है या नहीं, इस पर अंतिम फैसला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा.
ये भी पढे़ं- भोपाल में 24 फरवरी को कांग्रेस का किसान सम्मेलन, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे होंगे शामिल
