MP News: महाकालेश्वर मंदिर दर्शन को आने वाले भक्त आस्था और विश्वास के साथ उज्जैन आते है. मंदिर के समीप ही पर्यटन निगम का सरकारी होटल जहां शुद्ध शाकाहारी भोजनालय की बात कही जाती है, यहां जिम्मेदारों का नॉनवेज बनाना भक्तों की आस्था से खिलवाड़ है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. जिसमें रेस्टोरेंट के कर्मचारी नॉनवेज बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
महाकाल मंदिर से 100 मीटर की दूरी पर स्थित है होटल
उज्जैन में महाकाल मंदिर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एमपी टूरिज्म की हेरिटेज होटल ‘सम्राट विक्रमादित्य’ में नॉनवेज पकाने का वीडियो वायरल होने से विवाद खड़ा हो गया है. होटल को शुद्ध शाकाहारी घोषित किया गया है, लेकिन वायरल सीसीटीवी फुटेज में कुछ कर्मचारी रात में मांस-मछली बनाते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि नॉनवेज पकाते समय कैमरे का एंगल भी बदला गया.
18 करोड़ की लागत से तैयार किया गया था होटल
करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस होटल का उद्घाटन मार्च 2025 में हुआ था. वीडियो सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताते हुए एफआईआर की मांग की है. उनका कहना है कि मंदिर की 200 मीटर परिधि में नॉनवेज प्रतिबंधित है.
होटल प्रबंधन ने आरोपों से इनकार किया है. मैनेजर सतीश पाठक के अनुसार वीडियो में दिख रही डिश वेज थी और कुछ पूर्व कर्मचारियों ने आपसी विवाद में सीसीटीवी फुटेज लीक कर होटल की छवि खराब करने की कोशिश की है. प्रबंधन ने चार पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
ये भी पढे़ं: MP BJP नेताओं की समालखा बैठक पर नजर, हरियाणा में तय हो सकता है प्रदेश भाजपा का संगठन महामंत्री
