Vistaar NEWS

आपकी थाली में धीमा जहर! हलवा-स्वीट में पाम ऑयल, पनीर में मिलावट, जांच में खुली दमोह की दुकानों की पोल

पनीर (फाइल फोटो)

पनीर (फाइल फोटो)

Damoh Food Adulteration News: मध्य प्रदेश में इन द‍िनों मिलावटी खाने के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. आपको जो भी खाने का आइटम दिखाया जाता और उसकी खासियत बताई जाती है, ज्यादातर ऐसा पाया जाता है कि उसमें कुछ न कुछ खेल होता है. दमोह जिले से भी इसी तरह का मामला सामने आया है. यहां शहर की चमकती मिठाई की दुकानों के पीछे एक कड़वी सच्चाई सामने आई है.

दमोह में मिठाइयों और डेयरी उत्पादों को लोग भरोसे के साथ अपने घर ले जाते हैं, वही अब सेहत के लिए खतरा बनते नजर आ रहे हैं. खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. हलवा स्वीट में पाम ऑयल की मिलावट और पनीर में घटिया तेल व वेजिटेबल फैट का इस्तेमाल किया जा रहा था.

भोपाल स्थित प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट ने साफ कर दिया कि बाजार में बिक रहे कुछ खाद्य पदार्थ तय मानकों पर खरे नहीं उतर रहे. सुभाष नगर और हटा इलाके से लिए गए नमूनों में मिलावट का स्तर इतना ज्यादा पाया गया कि उन्हें सीधे तौर पर ‘अवमानक’ घोषित कर दिया गया.

लोगों को दिया जा रहा धीमा जहर

फूड सेफ्टी विभाग की जांच के दौरान हलवा स्वीट के नमूनों में सस्ते पाम ऑयल की मिलावट मिली, जो स्वाद तो बढ़ा सकता है लेकिन शरीर के लिए धीमा जहर साबित हो सकता है. वहीं पनीर जैसे प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थ में भी मिलावट का खेल जारी है. जिसमें शुद्ध दूध की जगह घटिया तेल और वेजिटेबल फैट का इस्तेमाल किया गया.

दुकानदारों का हुआ नोटिस जारी

सबसे चिंताजनक बात यह है कि ये उत्पाद रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इन्हें खाता है. ऐसे में यह मिलावट सिर्फ नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि लोगों की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ है. रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिया गया है और खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की बात कही है.

ये भी पढ़ें:मौसम के साथ-साथ अन्नदाताओं पर सिस्टम की मार! बारिश के बीच मंडियों में भीगा सैकड़ों क्विंटल गेहूं, जिम्मेदार बेखबर

Exit mobile version