Vistaar NEWS

आत्ममंथन का समय! दतिया हार के बाद पूर्व मंत्री यशोधरा राजे का पोस्‍ट वायरल, उमा भारती की बहू ने क्‍या कहा?

पूर्व मंत्री यशोधरा राजे

पूर्व मंत्री यशोधरा राजे

BJP Datia Defeat Yashodhara Raje Post: दतिया विधानसभा सीट पर बीजेपी को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा है. इस हार के बाद से ही कई नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं ने सवाल खड़े किए हैं. इनमें पूर्व मंत्री से लेकर पूर्व सीएम के परिवार के लोग भी शामिल हैं. मध्य प्रदेश सरकार की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने दतिया हार के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है. जिसमें उन्‍होंने लिखा कि आत्ममंथन का समय, इसके बाद कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

पूर्व मंत्री यशोधरा राजे पहले भी कई बार इस तरह खुलकर अपनी बात रख चुकी हैं. दतिया हार के बाद उन्‍होंने सीधे तौर पर पार्टी को ही मध्य प्रदेश में चेता दिया है. उन्‍होंने पार्टी और संगठन से जुड़े लोगों को रणनीति के साथ-साथ मंथन करने का सुझाव दिया है. ऐसा इसलिए क्योंकि दतिया में पर‍िणाम बीजेपी के सामने आए हैं. उससे न स‍िर्फ पुराने कैडर वाले कार्यकर्ता नाराज हैं. बल्कि कहा ये भी जा रहा है कि बीजेपी आलाकमान भी इस तरह के परिणामों से खासा खफा है.

दूसरी बात यह भी है कि सीएम मोहन यादव के कार्यकाल में यह दूसरा उपचुनाव था, जिसमें लगातार हार का सामना करना पड़ा है. यही वजह है कि सीएम के कार्यकाल को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

पूर्व सीएम की बहू ने क्या लिखा?

मध्य प्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती की बहू और पूर्व मंत्री राहुल सिंह की पत्नी उमिता सिंह का पोस्‍ट भी सामने आया है. जो कि दतिया चुनाव पर‍िणाम के ठीक बाद सामने आया है. इसमें उन्‍होंने लिखा कि जब कार्यकर्ता की जगह अधिकारी ये बोलने लगे कि हमारी पहुंच ऊपर तक है,तब तब परिणाम विपरीत ही आयेंगे.

इमरती ने भी साधा था निशाना

पूर्व मंत्री इमरती देवी ने भी दतिया विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद निशाना साधा था. उन्‍होंने कहा कि सभी नेताओं ने भरपूर साथ दिया. इसके साथ ही जितना हो सका, प्रचार किया. इसके बाद भी हमारे कुछ लोगों के कारण हमें हार का सामना करना पड़ा है.

हार के बाद उठ रहे कई सवाल

दतिया उपचुनाव में मिली हार के बाद से ही यह दावा किया जा रहा है कि पार्टी अपने लोगों के कारण ही चुनाव हारी है. क्योंकि अपने लोगों ने जिस तरह से काम किया, उससे पार्टी की बजाय विपक्ष को फायदा हुआ है. खुद बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि मैं कुछ नहीं कहना चाहता हूं. लेकिन, कांग्रेस खुद कह रही है कि बीजेपी से उनकी किसने मदद की है.

चुनाव परिणामों को स्वीकार करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सख्त चेतावनी दी है. उन्‍होंने कहा कि अनुशासन से ही पार्टी और संगठन चलता है. जिन लोगों ने भी अनुशासनहीनता की है, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष कितने लोगों पर एक्शन लेते हैं.

ये भी पढ़ें:‘मदरसा कहीं भी हो, आतंकवाद ही…’ मदरसों पर केशव मौर्य की तीखी टिप्पणी, छिड़ी नई बहस

Exit mobile version