MP News: दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर से कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि ये कार्रवाई दिल्ली में आयोजित एआई समिट में टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने के कारण की गई है. पुलिस यूथ कांग्रेस के नेता को गिरफ्तार करके दिल्ली ले गई है. हालांकि स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है.
देश की छवि खराब करने का आरोप
दिल्ली पुलिस ने यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के रहने वाले यूथ कांग्रेस के पूर्व सचिव जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस को शक है कि जितेंद्र यादव ने दिल्ली में आयोजित हुए एआई समिट में टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था. दिल्ली पुलिस का आरोप है कि अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में इस तरह के प्रदर्शन से देश की छवि खराब हुई है.
‘जितेंद्र को पीटते हुए अपने साथ ले गए’
यूथ कांग्रेस के युवा नेता जितेंद्र यादव के पिता केशव यादव ने बताया कि शनिवार और रविवार दरमियानी रात अचानक दरवाजे पर किसी ने दस्तक दी. जब गेट खोला तो उन लोगों ने खुद को क्राइम ब्रांच को बताया. इसके बाद जितेंद्र के बारे में पूछा. फिर ऊपर के कमरे में चले गए, जहां जितेंद्र सो रहा था. केशव यादव ने बताया कि इसके बाद वो लोग जितेंद्र को पीटते हुए अपने साथ ले गए.
‘गलत तरीके से घर में प्रवेश किया’
वहीं यूथ कांग्रेस के नेता की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस प्रवक्ता आर पी सिंह ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस ने कांग्रेस के नेता जितेंद्र यादव के घर पर अनाधिकृत तरीके से प्रवेश किया और पूरे परिवार को प्रताड़ित किया. इस सरकार में पूरी तरीके से अराजकता का माहौल है.
ये भी पढे़ं: MP News: रीवा में नेशनल हाई-वे पर स्कॉर्पियों और ऑटो की भिड़ंत से भीषण सड़क हादसा; 2 की मौत, कई लोग घायल
