Vistaar NEWS

MP News: ग्वालियर में डॉक्टर के बेटे से 36 लाख की धोखाधड़ी, शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर की ठगी

Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

MP News: ग्वालियर में एक डॉक्टर के बेटे से 36.66 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई. आरोपी ने शेयर और आईपीओ में निवेश पर 800 फीसदी तक मुनाफा देने का झांसा दिया था, जिसके बाद फरियादी उनके जाल में फंसता चला गया. बाद में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है.

‘नुवामा VIP परामर्श क्लब’ के जरिए किया था संपर्क

दरअसल थाटीपुर थाना क्षेत्र के सत्यदेव नगर में रहने वाले डॉ. रामहित शर्मा के बेटे हर्ष बरुआ को एक व्यक्ति ने 21 अगस्त 2025 को ‘नुवामा VIP परामर्श क्लब’ के नाम से संपर्क किया. आरोपी ने खुद को शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश कराने वाला विशेषज्ञ बताया. आरोपी ने हर्ष को बताया कि उसके जरिए निवेश करने पर सामान्य निवेश से कई गुना, यहां तक कि 800% तक मुनाफा मिल सकता है. झांसे में आकर हर्ष बरुआ ने 21 अगस्त से 15 दिसंबर 2025 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 36.66 लाख रुपए निवेश कर दिए.

पैसे वापस मांगने पर संपर्क तोड़ दिया

जब हर्ष ने मुनाफे के साथ अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और संपर्क भी तोड़ दिया. ठगी का अहसास होने पर हर्ष बरुआ ने थाटीपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि “नुवामा VIP परामर्श क्लब” असल में कहां संचालित हो रहा है और इसका संचालक कौन है. ASP जयराज कुबेर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं: ‘संकट को जानने के बावजूद सरकार ने पेट्रोल डीजल का स्टॉक नहीं बढ़ाया’, सांसद तन्खा ने सरकार पर निशाना साधा

Exit mobile version