Bhopal News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की स्मृति में मध्य प्रदेश सरकार संग्रहालय का निर्माण कराएगी. वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इसके लिए धनराशि का प्रावधान किया गया है.
संग्रहालय में होंगा डिजिटल प्रदर्शन
सरकार के अनुसार प्रस्तावित संग्रहालय में डॉ. हेडगेवार के जीवन, विचार और संगठनात्मक योगदान से जुड़ी सामग्री, दस्तावेज, चित्र और डिजिटल प्रदर्शन शामिल किए जाएंगे. इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके जीवन-दर्शन और राष्ट्रवादी विचारधारा से परिचित कराना बताया गया है.
नागपुर में है डॉ. हेडगेवार का स्मृति मंदिर
अब तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय रेशमबाग, नागपुर में स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर ही उनका प्रमुख स्मारक स्थल है. मध्यप्रदेश में प्रस्तावित संग्रहालय उनके नाम पर बनने वाला दूसरा प्रमुख स्मारक होगा.
संघ के प्रारंभिक दौर की जानकारी प्रस्तुत करने की योजना
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, संग्रहालय के लिए स्थान चयन और प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. इसमें आधुनिक तकनीक के माध्यम से जीवन-वृत्त, ऐतिहासिक संदर्भ और संघ के प्रारंभिक दौर की जानकारी प्रस्तुत करने की योजना है.
घोषणा के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज
इस घोषणा के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. समर्थकों का कहना है कि यह ऐतिहासिक व्यक्तित्व के योगदान को सम्मान देने की पहल है, जबकि विरोधी दल इसे वैचारिक एजेंडे से जोड़कर देख रहे हैं. फिलहाल सरकार ने स्पष्ट किया है कि बजट में राशि का प्रावधान किया गया है और आगामी चरणों में विस्तृत कार्ययोजना सामने आएगी.
ये भी पढे़ं- बढ़ाई गई MBBS और MD की सीटें, 3850 डॉक्टरों की होगी भर्ती..जानें बजट में स्वास्थ्य पर कितना होगा खर्च
