MP News: राजधानी भोपाल के एमपी नगर में होटल के पानी की टंकी में कर्मचारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया. आर्च मनोर होटल में अशोक रजक(60) करीब 20 सालों से काम कर रहा था. वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि चौथी मंजिल पर स्थित पानी की टंकी में कपड़े धोते समय कर्मचारी गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई.
20 साल से कपड़े धोने का काम करता था कर्मचारी
पूरा मामला एमपी नगर जोन- 1 के आर्च मनोर होटल का है. यहां शनिवार को दोपहर एक बुजुर्ग कर्मचारी अशोक रजक का पानी की टंकी में शव बरामद हुआ. अशोक रजक पिछले 20 सालों से होटल में धोबी का काम करते थे. शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि अशोक रजक शराब पीन के आदि थे. आशंका है कि कपड़े धोते समय ही कर्मचारी टंकी में गिर गए. जिससे उनकी मौत हो गई.
कॉल ना रिसीव करने पर बेटा होटल पहुंचा
जानकारी के मुताबिक अशोक रजक बजरिया इलाके में रहते थे. हर दिन होटल पर काम पर जाते थे. शनिवार को भी वो रोजाना की तरह ही काम पर गए थे. जब बेटे ने अशोक रजक को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं रिसीव किया. इसके बाद बेटा खुद होटल पहुंच गया. बेटे ने होटल में पूछताछ की तो पता नहीं चला. इसके बाद बेटा अपने पिता की तलाश में उस जगह पर पहुंचा, जहां वे अक्सर कपड़े धोया करते थे. जब बेटे ने टंकी के पास देखा तो टंकी में पिता शव पड़ा मिला. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच कर रही है.
ये भी पढे़ं: MP Ladli Behna Yojana 33rd Kisht: CM मोहन यादव की लाडली बहनों को सौगात, खंडवा से 33वीं किस्त जारी की
