Rewa News: रीवा जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां विस्फोटक पदार्थ से न केवल नुकसान पहुंचाया गया बल्कि गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगे हैं. यह मामला थाना विश्वविद्यालय क्षेत्र का बताया जा रहा है.
मोहल्ले में किया विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मोहल्ले में विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल किया गया. पीड़ित महेंद्र दहिया, पिता स्वर्गीय रामनिवास दहिया ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए बताया कि आरोपी द्वारा लॉटिंग टैंक बनवाया जा रहा था, जिसमें बड़े पत्थर डालकर विस्फोटक पदार्थ तैयार कर विस्फोट किया गया.
विस्फोटक से मकानों को पहुंचा नुकसान
इस विस्फोट की चपेट में आने से आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचा. पीड़ित के घर की लॉटिंग टैंक की छत क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कई छोटे-बड़े पत्थर बिखर गए. घटना के दौरान बच्चों में दहशत का माहौल बन गया और मोहल्ले के लोग सहम गए.
विरोध करने पर शुरू की मारपीट
पीड़ित का आरोप है कि जब मोहल्ले के लोगों ने सामूहिक रूप से विरोध किया, तो आरोपी विष्णु कांत तिवारी ने मारपीट शुरू कर दी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. आरोपियों ने यह भी कहा कि वे आर्मी में हैं और दोबारा भी इसी तरह की घटना को अंजाम देंगे.
गांव के पंच को दी गई धमकियां
इतना ही नहीं, गांव के वार्ड पंच श्रीकांत नामदेव को भी धमकियां दी गईं. घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग मानसिक रूप से परेशान हैं. मौके से विस्फोट के टुकड़े भी मिलने की बात कही गई है. फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है. अब देखना होगा कि इस गंभीर मामले में पुलिस क्या कार्रवाई करती है.
ये भी पढे़ं- जबलपुर में ROB ढहने पर PWD मंत्री राकेश सिंह का सख्त रुख, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, जांच कमेटी गठित करने के निर्देश
