MP News: स्वास्थ्य विभाग चाहें जितने बड़े-बड़े दावे करे, लेकिन जमीन पर उन दावों की पोल खुल जाती है. भिंड के जिला अस्पताल में एक ऐसा ही शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां एक बुजुर्ग महिला को अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए स्ट्रेचर तक नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने बुजुर्ग को चादर में ही लपेटकर एक वार्ड से दूसरे वार्ड में पहुंचाया.
मेडिकल स्टाफ देखता रहा, मदद किसी ने नहीं की
पूरा मामला रौन थाना क्षेत्र के मढ़ी जेतपुरा गांव का है. गांव में रहने वाली एक बुजुर्ग विटोली देवी(72) की तबीयत खराब होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया था. लेकिन उनकी तबीयत को देखते हुए डॉक्टर्स ने बुजुर्ग को मेडिकल वार्ड में रेफर कर दिया. आरोप है कि परिजनों ने दूसरे वार्ड में मरीज को शिफ्ट करने के लिए अस्पताल में स्ट्रेचर मांगा लेकिन उन्हें स्ट्रेचर नहीं दिया गया. जिसके बाद परिजनों ने खुद ही अपनी चादर से महिला को लपेट लिया और उन्हें दूसरे वार्ड तक लटकाकर ले गए. आरोप है कि इस दौरान वार्ड बॉय और अस्पताल के स्टाफ के दूसरे लोग भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी मदद नहीं की. जिसके बाद मरीज के कई परिजनों ने मिलकर चादर में लपेटकर सर्जिकल वार्ड त पहुंचाया.
इतना ही नहीं दूसरे वार्ड में भी मरीज को बेड पर नहीं रखा गया, जबकि ऐसे ही जमीन पर लिटा दिया गया. घटना का वीडयो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर लोग स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल के सिस्टम पर सवाल उठा रहे हैं. लोगों का कहना है कि जब अस्पताल में एक स्ट्रेचर तक नहीं मिल सकता है तो फिर लोगों का इलाज कैसे होगा.
‘अस्पताल को बदनाम करने की कोशिश’
वहीं पूरे मामले पर अस्पातल प्रशासन का कहना है कि हॉस्पिटल में स्ट्रेचर की कोई कमी नहीं है. हर एक वार्ड के सामने स्ट्रेचर उपलब्ध रहते हैं. इस तरह के वीडियो वायरल करके अस्पताल को बदनाम करने की कोशिश है. हालांकि अस्पताल प्रशासन का ये भी कहना है कि मामले में जांच की जा रही है, अगर बात सच साबित होती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं: PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर 78 हजार तक की सब्सिडी; घर की छत पर लगाएं, बिल से मिलेगी मुक्ति
