‘मुझे टिकट देने की किसमें औकात है’, उमा भारती बोलीं – मैं खुद फैसले लेती हूं
पूर्व सीएम उमा भारती
Uma Bharti Ticket Controversy: मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की कद्दावर नेता उमा भारती अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं. चाहे शराबबंदी का विषय हो या अन्य कोई मुद्दा वे अपनी बात खुलकर रखती रही हैं. अब उन्होंने चुनाव लड़ने को लेकर अपने विचार रखे हैं. इसके साथ ही कहा कि मुझे टिकट देने की किसमें औकात है? सोशल मीडिया पर उनका बयान वायरल हो रहा है. लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
‘मैं अपने फैसले खुद लेती हूं’
ग्वालियर दौरे के दौरान उमा भारती से जब आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने सख्त लहजे में इसका जवाब दिया. बीजेपी नेता ने कहा कि उन्हें टिकट देने की औकात किसी में नहीं है. वह खुद फैसले लेती हैं कि उन्हें चुनाव लड़ना है या नहीं. इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव में और ज्यादा सीट जीतनी है. सीएम मोहन यादव की तारीफ करते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री का साथ देना चाहिए. तभी सरकार सफल हो सकेगी.
शराबबंदी को लेकर जनप्रतिनिधियों पर कसा तंज
बीजेपी नेता उमा भारती अक्सर शराबबंदी पर बात करती रही हैं. इस बार भी उन्होंने विचार रखें. पूर्व सीएम ने कहा, ‘सरकार ने कानून बना दिया है, पुलिस भी कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचती है लेकिन जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी ठीक तरीके से नहीं निभा रहे हैं.’ अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने आगे कहा कि पंच, सरपंच, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और सांसदों को अपनी भूमिका सही तरीके से निभानी चाहिए. सागर का जिक्र करते हुए बोलीं, ‘प्रशासन हेल्थ कैंप लगा रहा है लेकिन असली प्रयास जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए.’
दिग्विजय सिंह की यात्रा को राजनीतिक बताया
दिग्विजय सिंह उज्जैन से अयोध्या तक सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं. उमा भारती ने कांग्रेस नेता की इस यात्रा को राजनीतिक बता दिया है. इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या संबंधी सोनिया गांधी के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपको आशंका है तो पार्टी में उन लोगों को तलाशना चाहिए, जिन पर संदेह है. इसके साथ ही उन्होंने नरसिम्हा राव और चंद्रशेखर जैसे नेताओं का जिक्र किया.


