Vistaar NEWS

MP BJP युवा मोर्चा अध्यक्ष के लिए रात में खुला बैंक, मुरैना में पेशाब कराने के नाम पर ताला खोला

Bank opened at night for the BJP Yuva Morcha state president.

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के लिए रात में खुलवाया गया बैंक.

Input- मनोज शर्मा

MP News: शहर में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के दौरे के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया है. आरोप है कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक सहकारी बैंक के बंद ताले सिर्फ इसलिए खुलवाए गए ताकि प्रदेश अध्यक्ष शौचालय का उपयोग कर सकें. घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.

सेवा सदन में युवा संवाद कार्यक्रम

जानकारी के अनुसार, जीवाजीगंज स्थित गर्भ सेवा सदन में आयोजित “युवा संवाद” कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे श्याम टेलर का काफिला कार्यक्रम स्थल से पहले बैंक के सामने रुका. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बाद बैंक के मुख्य गेट और अंदर के ताले खोले गए, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष समेत कुछ लोग बैंक परिसर में गए और कुछ मिनट बाद बाहर निकल आए.

मामले को लेकर सवाल इसलिए उठ रहे हैं क्योंकि कार्यक्रम स्थल गर्भ सेवा सदन में शौचालय समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध थीं और वह बैंक से महज कुछ दूरी पर स्थित था. वहीं वीडियो में नेताओं के बैंक परिसर में प्रवेश करने के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं.

‘बैंक के अंदर किसी को प्रवेश नहीं दिया गया’

भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष को अचानक शौचालय जाने की आवश्यकता थी, इसलिए बैंक परिसर का उपयोग किया गया. उनका दावा है कि बैंक में कोई अन्य गतिविधि नहीं हुई.
उधर बैंक प्रबंधन का कहना है कि केवल गैलरी और शौचालय उपयोग के लिए खोला गया था, बैंक के अंदर किसी को प्रवेश नहीं दिया गया. हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के दावों के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.

घटना ने वीआईपी संस्कृति और नियमों के समान अनुपालन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अब लोगों की नजर इस बात पर है कि प्रशासन या बैंक प्रबंधन इस पूरे मामले पर कोई औपचारिक स्पष्टीकरण जारी करता है या नहीं.

ये भी पढे़ं: कलेक्टर मीटिंग से लौट रहे टीचर की सड़क हादसे में मौत, मऊगंज में कार ने बाइक को टक्कर मारी

Exit mobile version