Vistaar NEWS

Bhind: साले ने देर से खोला गेट इसलिए सनक गया जीजा, पत्थर से सिर कुचलकर की युवक की हत्या

bhind news

आरोपी हुआ गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक हैरान कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां पर एक जीजा ने अपने साले की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी है. इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जीजा को पकड़कर जेल भेज दिया है, साथ ही मृतक का पोस्टमार्टम कराकर उसकी बॉडी परिजनों को सौंप दी है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

भिंड जिले के गोहद इलाके का मामला

जानकारी के मुताबिक, ये मामला भिंड जिले के गोहद इलाके का है. गोहद के प्रकाश नगर में रहने वाले 19 साल के सूरज जाटव के जीजा आनंद निगम एक शादी समारोह में शामिल होकर बुधवार की देर रात को अपनी ससुराल पहुंचा. शराब के नशे में धुत आनंद ने दरवाजा खटखटाया. दरवाजे के आवाज सुनकर आनंद का साला सूरज जाटव पहुंचा और उसे दरवाजा खोलने में थोड़ी सी देर हो गई.

सूरज और आनंद में हो गया झगड़ा

बस इसी बात को लेकर सूरज और आनंद के बीच झगड़ा हो गया और दोनों के बीच देखते ही देखते हाथापाई होने लगी. बात इतनी बढ़ गई कि नशे में धुत आनंद ने आवेश के कारण अपने साले सूरज जाटव के सिर पर पत्थर पटक दिया. जिससे सूरज की मौके पर मौत हो गई.

मौके से भाग निकला आरोपी

वारदात के बाद आरोपी आनंद मौके से तुरंत फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही गोहद थाना पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आनंद को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिवार को सौंप दिया गया है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोरकर रख दिया है साथ ही परिवार में दुख का माहौल है.

Exit mobile version