चंबल में घड़ियाल संरक्षण को मिली नई सफलता, 95 अंडों से निकले 54 शावक, देवरी में घड़ियालों की संख्या 153 हुई
देवरी घड़ियाल केंद्र में कुल घड़ियाल शावकों की संख्या 153 हुई
MP News: (मुरैना से मनोज शर्मा की रिपोर्ट) राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य के अंतर्गत केंद्र देवरी घड़ियाल संरक्षण केंद्र में घड़ियाल संरक्षण कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है. बाबू सिंह घेर क्षेत्र से घड़ियाल के 95 अंडों का संग्रहण कर उन्हें देवरी स्थित हैचरी में सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया गया था.
54 घड़ियाल शावकों को हैच किया गया
वन विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन अंडों में से अब तक 54 घड़ियाल शावक सफलतापूर्वक हैच हुए हैं. सभी नवजात शावकों को स्वास्थ्य सुरक्षा और निगरानी के लिए क्वॉरेंटाइन में रखा गया है, जहां उनकी नियमित देखभाल की जा रही है.
देवरी में घड़ियालों की संख्या 153 हुई
वर्तमान में देवरी घड़ियाल केंद्र में कुल घड़ियाल शावकों की संख्या 153 हो गई है. यह उपलब्धि चंबल नदी में विलुप्तप्राय घड़ियाल प्रजाति के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घड़ियाल संरक्षण के लिए लगातार वैज्ञानिक पद्धति से अंडों का संरक्षण, हैचिंग और शावकों की देखभाल की जा रही है. जिससे भविष्य में चंबल नदी में घड़ियालों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी.