भिण्ड: जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने नवरात्रि के पावन अवसर पर बेटियों को राजनीति से जोड़ने की अपनी अनोखी पहल को जारी रखा है. इसी क्रम में उन्होंने छतरपुर की रहने वाली सोशल मीडिया स्टार बिन्नू रानी को एक दिन का जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया.
पिछले साल शुरू की गई इस पहल के तहत कामना भदौरिया नवरात्रि के नौ दिनों में नौ अलग-अलग बेटियों को एक दिन का जिला पंचायत अध्यक्ष बनाती हैं. इसका मुख्य उद्देश्य राजनीति में बेटियों की भूमिका सुनिश्चित करना और उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रेरित करना है.
बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय में बिन्नू रानी ने एक दिन के अध्यक्ष के तौर पर पदभार संभाला. इस दौरान उन्होंने जिला पंचायत के कामकाज, योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली. अधिकारियों से चर्चा कर पंचायत की कार्यप्रणाली को समझा.
इस अवसर पर खजुराहो सांसद वी. डी. शर्मा ने भी फोन पर बिन्नू रानी से बात की और उन्हें बधाई दी. सांसद ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयोग से बेटियों में नेतृत्व क्षमता विकसित होगी.
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कहा कि “बेटियां किसी से कम नहीं हैं. अगर उन्हें मौका दिया जाए तो वे राजनीति और प्रशासन में भी बेहतर काम कर सकती हैं. नवरात्रि में कन्या पूजन का असली अर्थ तभी है जब हम बेटियों को निर्णय लेने की शक्ति भी दें. पिछले साल से शुरू की गई यह पहल आगे भी जारी रहेगी.”
एक दिन की अध्यक्ष बनीं बिन्नू रानी ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है. भिंड आकर उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला. उन्होंने कामना भदौरिया का आभार जताया. गौरतलब है कि छतरपुर की बिन्नू रानी सोशल मीडिया पर अपने बुंदेली अंदाज के लिए काफी लोकप्रिय हैं.
ये भी पढ़ें: इंदौर टू जोधपुर मात्र डेढ़ घंटे का सफर! विंटर सीजन में डायरेक्ट फ्लाइट की मिली सौगात
