Crime News: मध्य प्रदेश की एक प्रेमी जोड़े के प्रेम के अंत की कहानी ऐसी है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे. घटना गुजरात के गांधीनगर से संबंधित है. गांधीनगर के नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल एक ऐसी वारदात हुई जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. यहां पर आधी रात को पुलिस और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में प्रेमिका का गला काटकर हत्या करने के बाद प्रेमी खुद उसी चाकू से गला काट कर आत्महत्या करने की कोशिश की है.
शुरूआती जांच में बड़ा खुलासा
चिलोडा पुलिस की शुरूआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. मध्य प्रदेश के पिपरसमा गांव की रहने वाली 21 वर्षीय रजनी 7 जून को अपने ही गांव के संतोष जाटव नाम के व्यक्ति के साथ घर से भाग गई थी. बेटी के लापता होने पर पिता ने शिवपुरी थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी. 10 जून को रजनी के भाई प्रवेंद्र और नीरज अपनी किया कैरेंस कार लेकर हेट कांस्टेबल दीपचंद और कांस्टेबल बदन सिंह के साथ बेटी की तलाश में निकले.
रजनी और संतोष को ढूंढ निकाला
11 जून की दोपहर वे राजकोट के शापर पहुंचे और वहां से रजनी और संतोष को ढूंढ निकाला. रजनी के माता-पिता को मना लेने की बात कहने पर, पुलिस और उसके भाई उसे कार में बिठाकर अपने गांव के लिए निकल पड़े. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. लंबी यात्रा से थकी हुई इस टीम ने 11 जून की रात करीब साढ़े नौ बजे गांधीनगर हाईवे पर धनप के पास स्थित ‘रॉयल फोर्ट होटल’ में कमरा नंबर 107 बुक किया.
सभी ने साथ मिलकर किया डिनर
सभी ने रात को साथ मिलकर डिनर किया और सोने की तैयारी की. एक बेड पर भाई प्रवेंद्र, नीरज और कांस्टेबल बदन सिंह हो गए. वहीं दूसरे बैड पर कांस्टेबल दीपचंद लेटे हुए थे.रजनी नीचे गद्दे पर सोई थी और दोनों बिस्तरों के बीच में संतोष सो रहा था. कमरे की लाइटें बंद थी और थकान के कारण गहरी नींद में सभी सो गए. लेकिन संतोष के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था.
12 जून की खौफनाक रात
12 जून की आधी रात को 12 से 2:30 बजे के बीच, संतोष ने अपने पास छिपाकर रखे चाकू से नीचे सो रही रजनी का गला काट दिया. प्रेमिका की सांसें थमने के बाद, उसी चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की. इसी बीच रात करीब ढ़ाई बजे हेड कांस्टेबल दीपचंद की आंख खुली और कमरे का मंजर देखकर होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत चिल्लाकर सबको जगाया और जैसे ही कमरे की लाइट जली, अंदर का दृश्य देखकर हर कोई कांप उठा. रजनी खून से लथपथ हालत में संतोष की गोद में पड़ी थी और संतोष हाथ में चाकू पकड़े हुए बैठा था.
संतोष की चल रही थी सांसे
इसके बाद तुरंत 108 तथा 112 पर कॉल किया गया. गंभीर हालत में संतोष की सांसे चल रही थीं, हालात नाजुक होने के कारण उसे तुरंत अहमदाबाद अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल वह वहां पुलिस की कड़ी निगरानी में मौत से जंग लड़ रहा है. दूसरी तरफ पुलिस मामले की जांच कर रही है.
