Datia By Election Result: दतिया: मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजे बीते दिन आ चुके हैं. कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6016 वोटों से हरा दिया है. इस जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है. वहीं भाजपा खेमे में बैठकों का दौर शुरू हो गया है. इसी बीच खबर आ रही है कि, उपचुनाव में मिली जीत की खुशी मनाने के लिए कांग्रेस कल दतिया में बड़ा जश्न मनाएगी.
एमपी कांग्रेस के बड़े नेता जताएंगे जनता का आभार
पार्टी की ओर से जीत के लिए जनता का आभार जताया जाएगा. इसके लिए भव्य रोड शो निकालने की तैयारी की गई है.जश्न में शामिल होने के लिए कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं को दतिया आने के निर्देश दिए गए हैं.प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी कल दतिया पहुंचेंगे.उनके साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और विधायक भी मौजूद रहेंगे.
बता दें मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने 6,016 वोटों से भाजपा के आशुतोष तिवारी को हरा दिया. उपचुनाव में मिली इस हार के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उपचुनाव का इतना अधिक महत्व नहीं होता है. लेकिन फिर भी हार तो हार होती है और जीत, जीत होती है. उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि इस पर हम चिंतन करेंगे.
सीएम मोहन यादव बोले- जनता का फैसला शिरोधार्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी दतिया उपचुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और भारतीय जनता पार्टी उसका सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी ने प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की, जो आजादी के बाद पहली बार संभव हुआ. इसके अलावा विधानसभा उपचुनाव में बुधनी सीट बरकरार रखने के साथ अमरवाड़ा जैसी कांग्रेस की सीट भी बीजेपी ने अपने नाम की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी ने राज्यसभा की तीनों सीटों पर भी जीत दर्ज की है. उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जिसमें सभी दल अपनी बात जनता के सामने रखते हैं और अंतिम फैसला मतदाता करते हैं. जनता के निर्णय को स्वीकार करते हुए पार्टी आगे आने वाले चुनावों में और मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी.
