Datia By Election Result: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार भाजपा को शिकस्त देकर अपनी पकड़ बरकरार रखी है. कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6016 वोटों के अंतर से हराया. घनश्याम सिंह को 66 हजार 757 वोट मिले, जबकि आशुतोष तिवारी के खाते में 60 हजार 741 वोट आए. यह उपचुनाव पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को फ्रॉड मामले में दो साल की सजा मिलने के बाद सीट रिक्त होने के कारण कराया गया था.
दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी दतिया उपचुनाव में जीत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और तमाम चुनौतियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने पार्टी का साथ नहीं छोड़ा, जो उनके समर्पण और प्रतिबद्धता का प्रमाण है. उन्होंने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और चुनाव में सक्रिय सभी नेताओं का आभार व्यक्त किया.
दतिया के विकास का दिलाया भरोसा
दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस अपने हर कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और दतिया के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने नवनिर्वाचित विधायक कुंवर घनश्याम सिंह को जीत की बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और पूरी निष्ठा के साथ उनकी सेवा करेंगे.
नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी पीछे रही भाजपा
चुनाव परिणाम में एक दिलचस्प तथ्य यह भी रहा कि प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के मतदान केंद्र क्रमांक 121 पर भी भाजपा बढ़त हासिल नहीं कर सकी. इस बूथ पर कांग्रेस को 291 और भाजपा को 264 वोट मिले. वहीं, आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव मंडल तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें 22 हजार 527 मत प्राप्त हुए. चुनावी हार के बाद भोपाल स्थित डॉ. नरोत्तम मिश्रा के सरकारी बंगले पर भी ताला लगा दिखाई दिया.
ये भी पढे़ं- ‘ऐसे भीतरघाती जो भाजपा को मां कहते हैं…’, दतिया उपचुनाव में हार के बाद किस पर फूटा आशुतोष तिवारी का गुस्सा?
