Gwalior News: ग्वालियर में स्थित देश के प्रतिष्ठित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान (LNIPE) में छात्रों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है. संस्थान में छात्रों को ब्रेकफास्ट में एक्सपायरी डेट वाली ब्रेड परोसी गई, जिसके फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए.
बताया जा रहा है कि संस्थान के छात्र जब ब्रेकफास्ट करने के लिए पहुंचे तो उनकी थाली में परोसी गई एक्सपायर निकली. छात्रों का आरोप है कि उन्हें एक महीने पुरानी ब्रेड सप्लाई की गई है. इस बात से नाराज होकर छात्राें ने ब्रेड की पैकेट की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी. छात्रों ने पूरे मामले में गुणवत्ता और उचित निगरानी के अभाव को लेकर प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
रजिस्ट्रार के इस्तीफे की मांग पर किया था प्रदर्शन
LNIPE संस्थान में हालही में छात्रों ने बड़ा आंदोलन किया था, जो करीब 16 दिन तक चला था. आंदाेलन में छात्रों की प्रमुख मांग थी कि प्रभारी रजिस्ट्रार प्रो. यतेंद्र का इस्तीफा हो. इस प्रदर्शन के 16 दिन बीत जाने पर आखिरकार रजिस्ट्रार ने इस्तीफा दिया, जिसे कुलगुरु ने स्वीकार भी किया. इसके साथ ही छात्रों की शिकायत के बाद हॉस्टल मैनेजर को भी तत्काल प्रभाव से हटाया दिया गया. इन सभी मांगों से जुडे लिखित दस्तावेज भी छोत्रों को सौंपे गए.
क्यों हुआ था प्रदर्शन
संस्थान में छात्रों का आंदोलन गुवाहाटी ब्रांच में बीपीएड थर्ड ईयर की छात्रा श्रुति उपाध्याय की मौत के बाद शुरू हुआ. इसके बाद गुवाहाटी और ग्वालियर कैंपस में करीब 2 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन किया. 15 दिन से ज्यादा चले इस आंदोलन में छात्रा को मुआवजा देने से लेकर मामले की निष्पक्ष जांच, स्वास्थ्य सुविधाओं और रजिस्ट्रार के इस्तीफे की मांग इसका हिस्सा बन गई.
गुवाहाटी स्थित संस्थान की ब्रांच में बीपीएड थर्ड ईयर की छात्रा की मौत के बाद आक्रोश बढ़ गया था. इसके बाद मांगों को पूरा करने के लिखित दस्तावेज छात्रों को सौंपे गए, फिर आंदोलन खत्म हुआ.
ये भी पढे़ं- ग्वालियर: AC बंद, एक बैड पर 3 बच्चों का इलाज… कमलाराजा अस्पताल में दम तोड़ती स्वास्थ्य व्यवस्थाएं
