Vistaar NEWS

Ladli Behna Yojana: लाडली बहना योजना के नाम पर फर्जीवाड़ा, आवदेन वाले फर्जी मैसेज से रहें सावधान, विभाग ने जारी की एडवाइजरी

adli Behna Yojana

लाडली बहना योजना

Ladli Behna Yojana: मध्‍य प्रदेश में महिलाओं के लिए चल रही सरकार की मुख्‍यमंत्री लाडली बहना योजना को लेकर ग्वालियर में सोशल मीडिया पर खबर फैली थी कि योजना के लिए नए रजिस्‍ट्रेशन शुरू हो रहे हैं. प्रशासन ने खबरों का फैक्ट चेक करके इसको फर्जी बताया है.

महिला एंव बाल विकास विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए स्‍पष्ट किया है कि फिलहाल योजना के तहत नए आवेदन या किसी प्रकार से पंजीयन नहीं किए जा रहे हैं. ऐसे में महिलाओं से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें.

सोशल मीडिया पर ठगी का खेल

विभाग के मुताबिक, कुछ लोग योजना में नाम जोड़ने का दावा कर महिलाओं से पैसे वसूलने की कोशिश कर रहे हैं. इस संबंध में जिला प्रशासन और पुलिस को कई शिकायतें मिली हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ महिलाएं इस तरह की ठगी का शिकार भी हुई हैं.

अधिकारी ने दी स्पष्ट जानकारी

महिला एवं बाल विकास अधिकारी राहुल पाठक ने कहा कि लाड़ली बहना योजना में नए पंजीयन शुरू होने की खबर पूरी तरह गलत है. यदि कोई व्यक्ति आवेदन कराने या नाम जोड़ने के नाम पर पैसे मांगता है, तो वह धोखाधड़ी कर रहा है. उन्होंने महिलाओं से ऐसे लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है.

महिलाओं से सतर्क रहने की अपील

विभाग ने कहा है कि योजना से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकृत कार्यालय से ही संपर्क करें. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर झूठी जानकारी फैलाने और योजना के नाम पर लोगों से ठगी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- CM मोहन यादव ने भिंड में लाडली बहना की 38वीं किस्त जारी की, 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ की राशि ट्रांसफर

Exit mobile version