रिपोर्ट – मनोज शर्मा
Morena News: मुरैना जिले में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. गल्ला मंडी स्थित खाद वितरण केंद्र पर शुक्रवार को किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. महिला, बुजुर्ग और दूर-दराज से आए किसान घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे.
टोकन व्यवस्था पर किसानों ने उठाए सवाल
किसानों का कहना है कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई टोकन व्यवस्था उनके लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गई है. उनका आरोप है कि टोकन मिलने के बाद भी 2 से 3 दिन तक खाद नहीं मिल रही है. कई किसानों को 40 से 50 किलोमीटर दूर स्थित केंद्रों के टोकन मिलने से अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
भजन गाकर किया इंतजार, पुलिस सुरक्षा में हुआ वितरण
खाद वितरण केंद्र पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया. लंबे इंतजार से परेशान किसान लाइन में खड़े-खड़े ‘सीताराम’ और ‘राधेश्याम’ के भजन गाकर भगवान से जल्द खाद मिलने की प्रार्थना करते नजर आए. यह दृश्य किसानों की बेबसी को साफ तौर पर बयां कर रहा था.
अतिरिक्त वसूली के भी लगाए आरोप
वहीं, कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि निर्धारित दर से 2 रुपये अधिक वसूले जा रहे हैं. साथ ही यह भी आरोप लगाया कि टोकन होने के बावजूद स्कैनर में तकनीकी समस्या बताकर दोबारा टोकन निकलवाने के नाम पर ऑनलाइन संचालकों द्वारा 50 रुपये तक वसूले जा रहे हैं. हालांकि, इन आरोपों की प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है.
पारदर्शी व्यवस्था और जांच की मांग
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए और यदि कहीं किसी प्रकार की अनियमितता हो रही है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
ये भी पढे़ं- Morena: जमीन के विवाद में दंडवत होकर जनसुनवाई पहुंचा युवक, CEO के पैर पकड़कर लगाई न्याय की गुहार
