Vistaar NEWS

Morena News: खाद के लिए बारिश में भीगते रहे किसान, टोकन के लिए घंटों लाइन में खड़े होने पर हुए मजबूर

Farmers standing in line

लाइन में लगे किसान

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

Morena News: मुरैना के पोरसा में खरीफ सीजन के बीच खाद वितरण को लेकर किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है. बुधवार को पोरसा थाना परिसर स्थित गणेश मंदिर के पास खाद वितरण के टोकन लेने के लिए सैकड़ों किसान सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े रहे. लगातार हो रही बारिश के बावजूद किसान भीगते हुए अपनी बारी का इंतजार करते रहे.

समय पर खाद नहीं मिलने से बढ़ी चिंता

किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है. टोकन प्राप्त करने के लिए उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन के दौरान खाद की समय पर उपलब्धता बेहद जरूरी है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था उनकी मुश्किलें बढ़ा रही है.

प्रशासन ने खाद की उपलब्धता का किया दावा

इधर प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में खाद का कोई संकट नहीं है. तहसीलदार एवं कृषि विभाग के एसएडीओ के अनुसार किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. अधिकारियों का दावा है कि वितरण प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है.

अधिकारियों की मौजूदगी में बांटे गए टोकन

बुधवार को तहसीलदार एवं एसएडीओ की मौजूदगी में किसानों को खाद वितरण के लिए टोकनों का वितरण कराया गया. इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ और लगातार हो रही बारिश के बीच लगी लंबी कतारें खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं. किसानों को घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा.

व्यवस्था सुधारने की किसानों ने उठाई मांग

किसानों ने मांग की है कि खाद वितरण व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाया जाए, ताकि उन्हें बारिश और लंबी कतारों में खड़े होकर परेशानी का सामना न करना पड़े. उनका कहना है कि यदि टोकन वितरण और खाद वितरण की बेहतर व्यवस्था की जाए तो किसानों का समय बचेगा और उन्हें अनावश्यक परेशानियों से भी राहत मिलेगी.

ये भी पढे़ं- Morena News: मूंग खरीदी और खाद संकट से नाराज किसानों का प्रदर्शन, नेशनल हाईवे-44 पर लगाया चक्का जाम

Exit mobile version