Vistaar NEWS

MP News: लहार की दीनदयाल रसोई में गंदगी, सब्जी बनाने वाला आलू भी खराब, पौष्टिक भोजन के नाम पर परोसा जा रहा फफूंद लगा खाना

Lahar's 'Deendayal Antyodaya Rasoi Yojana'

लहार की 'दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना

MP News: लहार की ‘दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना’ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद आज विस्तार न्यूज़ की टीम सीधे ग्राउंड जीरो पर पड़ताल करने पहुंची. विस्तार न्यूज़ की टीम जब मौके पर पहुंची, तो वहां वायरल वीडियो के डर से केवल लीपापोती की कोशिश दिखाई दी.

जो खाना पहले कमरे के अंदर टपकती छत के नीचे पकाया जा रहा था, उसे आनन-फानन में बाहर बनाना शुरू कर दिया गया और सब्जी में भी जरा सा बदलाव किया गया. लेकिन असलियत यह है कि बाहर भी पानी जमा है और अंदर भी दीवारों से गंदा पानी टपक रहा है.

पूरी रसोई में फैली थी गंदगी

पूरी रसोई में फैली भयानक दुर्गंध, जमा पानी और गंदगी आज भी वैसी ही बनी हुई है जैसी वायरल वीडियो में नजर आई थी. विस्तार न्यूज़ ने जब रसोईघर के अंदर जाकर राशन की स्थिति का मुआयना किया, तो वहां का दृश्य खौफनाक था. खाना पकाने के लिए रखे गए आलू पूरी तरह सड़ चुके हैं और उन पर हरी-सफेद फफूंद जम चुकी है.

प्याज सड़कर गल चुकी है और भयानक बदबू मार रही है. जिस गंदी जगह पर यह सड़ा-गला खाद्यान्न रखा गया है, वहां खड़े रहना भी दूभर है. पूरी रसोई में न तो कहीं दाल का नामोनिशान दिखा और न ही राशन. केवल छोटे-छोटे डिब्बों में नाममात्र की हल्दी और मसाले रखे मिले. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि खाना बनाने में जिस रिफाइंड तेल का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह इतना पतला है कि न तेल लगता है न रिफाइंड, बिल्कुल पानी की तरह बह रहा है जो घोर मिलावट की ओर इशारा करता है.

सब्जियों को सुरक्षित रखने वाला फ्रीजर भी बंद

मशीनों और सुविधाओं की बात करें तो भ्रष्टाचार का आलम यह है कि सब्जियों को सुरक्षित रखने के लिए आया लाखों रुपये का डीप फ्रीजर बंद और खाली पड़ा है, जबकि इस्तेमाल किया जा रहा साधारण फ्रिज कर्मचारियों को बिजली का तेज करंट मार रहा है. इतना ही नहीं, हाथ धोने और बर्तन साफ करने के लिए सरकार की तरफ से भेजा गया लाखों रुपये का आधुनिक स्टेनलेस स्टील का सेटअप आज तक लगाया ही नहीं गया. पूरा सामान एक कमरे में बंद पड़ा-पड़ा जंग खा रहा है.

बैक्टीरिया, फंगस और इंफेक्शन का खतरा

पूरी इमारत में सीपेज और टपकते पानी के कारण चारों तरफ बैक्टीरिया, फंगस और इंफेक्शन का खतरा बना हुआ है. छत से टपकती बूंदें सीधे खाना बनाने की जगह पर गिर रही हैं और नीचे फर्श पर गंदा पानी भरा हुआ है. परिसर का सुलभ शौचालय और नालियां पूरी तरह चोक हैं, पीने के स्वच्छ पानी का कोई इंतजाम नहीं है और बैठने की टेबल-कुर्सियां गंदगी से सनी पड़ी हैं. जब विस्तार न्यूज़ की टीम ने इस बदहाली पर वहां के ठेकेदार से सवाल किया, तो उन्होंने गैर जिम्मेदाराना जवाब देते हुए कहा कि हमने तो सफाई और मरम्मत के लिए आवेदन दिया हुआ है.

कुल मिलाकर, ₹5 में पौष्टिक भोजन का दावा करने वाली यह रसोई गरीबों का पेट भरने के बजाय उन्हें गंभीर बीमारियों की ओर धकेल रही है. ऐसा दूषित खाना खाकर लोग स्वस्थ नहीं बल्कि उल्टे बीमार पड़ जाएंगे, वही इस पूरे मामले पर नगर पालिका प्रभारी सीएमओ अतुल रावत का कहना है कि जो भी अव्यवस्थाएं हैं उनका निराकरण किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- Chhindwara: ‘पढ़ाई नहीं, प्यार-मोहब्बत करते हैं सर-मैडम…’, Gen-Alpha की नजर से कुछ नहीं छुपता, ऐसे सामने आई लव स्टोरी

Exit mobile version