Shivpuri News: शिवपुरी जिले में फिजिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ही परिवार के चार बच्चों की 21 से 31 अगस्त के बीच मौत होने से हड़कंप मच गया. मृतकों में तीन सगे भाई और उनका 19 वर्षीय रिश्तेदार शामिल है. चारों की तबीयत बिगड़ने से पहले बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत बताई गई है. स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के सदस्यों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं. मौत की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.
परिजनों के मुताबिक, चारों बच्चे 16 अगस्त को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गोरा टीला के पास स्थित एक झरने पर नहाने गए थे. वहां से लौटने के बाद बच्चों की तबीयत खराब होने का सिलसिला शुरू हुआ. हालांकि, झरने में नहाने और बच्चों की मौत के बीच किसी संबंध की अभी स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि नहीं की है.
सबसे पहले 14 वर्षीय ताहिर की बिगड़ी थी तबीयत
फिजिकल थाने के सामने रहने वाले तनवीर अहमद ने बताया कि सबसे पहले उनके 14 वर्षीय बेटे ताहिर की तबीयत खराब हुई. उसे तेज बुखार के साथ उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत थी. इलाज के दौरान उसकी प्लेटलेट्स तेजी से कम हुईं और हालत बिगड़ती चली गई. परिजनों के अनुसार, बीमारी शुरू होने के करीब दो दिन के भीतर ताहिर की मौत हो गई.
23 अगस्त को 19 वर्षीय रिश्तेदार अयाज की मौत
ताहिर की मौत के बाद परिवार अभी सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि तनवीर की बहन के 19 वर्षीय बेटे अयाज की तबीयत बिगड़ गई. उसे उपचार के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां 23 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों का कहना है कि अयाज की जांच में संक्रमण की बात सामने आई थी.
31 अगस्त को दो सगे भाइयों ने दम तोड़ा
इसके बाद तनवीर के दो और बेटों 9 वर्षीय तारूफ और 11 वर्षीय तासिफ की तबीयत खराब हो गई. दोनों को बुखार आया और उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. परिवार ने दोनों का इलाज कराया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. 31 अगस्त की सुबह तारूफ की मौत हो गई, जबकि उसी दिन शाम को उसके बड़े भाई तासिफ ने भी दम तोड़ दिया. एक ही परिवार में लगातार चार बच्चों की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है.
स्वास्थ्य विभाग ने घर पहुंचकर लिए सैंपल
चार बच्चों की मौत की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम परिवार के घर पहुंची. टीम ने परिवार के सदस्यों और वहां मौजूद लोगों के सैंपल लिए हैं. इनकी जांच के बाद संक्रमण और बीमारी के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है. फिलहाल चारों बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है. ऐसे में मौत का अंतिम और पुख्ता कारण सामने नहीं आया है.
CMHO बोले- शुरुआती जांच में संक्रमण की आशंका
CMHO डॉ. संजय ऋषिश्वर ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर चारों बच्चों की मौत के पीछे संक्रमण की आशंका सामने आई है. बच्चों की प्लेटलेट्स तेजी से कम होने की बात भी सामने आई है. उन्होंने बताया कि एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था. परिवार के सभी सदस्यों के सैंपल लिए गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चारों मौतों के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट का इंतजार है.
ये भी पढे़ं- Gwalior: मुंहबोले भाई को घर रखना चाहती थी युवती, पिता और चाचा ने गला दबाकर कर दी हत्या, बायकट हेयर से भी थी अपत्ति
