Guna News (मोहन बघेल की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के गुना के अस्पताल से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसमें एक बहन अपने दिव्यांग भाई को कंधे पर बैठाकर वार्ड तक ले जाती दिखाई दे रही है. भाई खुद चलने में सक्षम नहीं है. बहन का कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद उसे मरीज को अंदर ले जाने के लिए स्ट्रेचर नहीं मिला, जिसके बाद उसने भाई को अपनी पीठ पर बैठाया और खुद वार्ड तक पहुंचाया.
क्या है पूरा मामला?
मामला राघौगढ़ क्षेत्र के बोरखेड़ी गांव का बताया जा रहा है. यहां की रहने वाली कृष्णाबाई अपने भाई जगदीश को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी. कृष्णाबाई के मुताबिक जगदीश पिछले करीब एक साल से बीमार है और दिव्यांग होने के कारण चलने-फिरने में काफी परेशानी होती है.
दिव्यांग मरीज की बहन ने क्या कहा?
कृष्णाबाई का कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद उसने मदद की उम्मीद की लेकिन उसके मुताबिक मरीज को वार्ड तक पहुंचाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं मिली. ऐसे में उसने खुद ही भाई को कंधे पर बैठाया और अस्पताल के अंदर लेकर गई.
अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने स्ट्रेचर की कमी की बात से इनकार किया है.
‘कई मरीजों को परिजन वार्ड तक लाते हैं’
प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के अनुसार अस्पताल में पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर मौजूद हैं. क्रिटिकल केयर ब्लॉक और पुराने अस्पताल के आसपास भी स्ट्रेचर उपलब्ध रहते हैं. मरीजों को अंदर ले जाने के लिए वार्ड बॉय और मल्टी-यूटिलिटी कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है.
ये भी पढ़ें: ‘घूमने का शौक था…’, घर से लापता नाबालिग छात्र दिल्ली में मिला, पुलिस चला रही ऑपरेशन मुस्कान
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि कई बार मरीज के परिजन जल्दबाजी में खुद ही मरीज को उठाकर वार्ड तक ले जाते हैं. जरूरत पड़ने पर अस्पताल के कर्मचारियों को सूचना देकर मदद ली जा सकती है. एक तरफ अस्पताल प्रबंधन पर्याप्त संसाधन और स्टाफ उपलब्ध होने की बात कह रहा है, वहीं दूसरी तरफ सामने आई तस्वीर व्यवस्था की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े कर रही है.
