Vistaar NEWS

Gwalior News: महज इस वजह से बिजली बिल चेक करने गए कर्मचारियों संग मारपीट, पालतू कुत्तों से भी कटवाया, FIR दर्ज

GWALIOR NEWS

इनपुट-मनोज शर्मा

Gwalior News: ग्वालियर के इंद्रानगर चार शहर का नाका इलाके में बिजली बिल चेक करने पहुंचे दो प्राइवेट कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और पालतू कुत्तों से हमला करवाने का मामला सामने आया है. पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, शताब्दीपुरम निवासी रविंद्र सिंह राजावत ने पुलिस को बताया कि वह बिजली विभाग में प्राइवेट कर्मचारी है. वह अपने साथी आदित्य भदौरिया के साथ डिब्बा वाली गली के पीछे इंद्रानगर चार शहर का नाका इलाके में बिजली बिल चेक कर रहा था. इसी दौरान बीरू तोमर स्कूटी से वहां पहुंचा और दोनों कर्मचारियों से पूछताछ करने लगा.

बिल चेक करने वाली मशीन छीनी

रविंद्र के मुताबिक कर्मचारियों ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की. आरोप है कि बीरू ने आदित्य के हाथ से बिल चेक करने वाली कंपनी की मशीन छीन ली और उसकी बैटरी, सिम और रील निकालकर फेंक दी. इसके बाद मशीन को सड़क पर पटककर तोड़ दिया.

पालतू कुत्तों से भी कटवाया

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपी अपने घर के अंदर गया और वहां मौजूद तीन पालतू कुत्तों को लेकर बाहर आया. इनमें पिटबुल, रॉटविलर और जर्मन शेफर्ड शामिल थे. आरोप है कि आरोपी ने तीनों कुत्तों को कर्मचारियों के पीछे दौड़ा दिया.

रविंद्र का कहना है कि आरोपी उसे पकड़कर घर के अंदर एक कमरे में ले गया और वहां कुत्तों से हमला करवाया. कुत्तों के काटने से उसके दोनों हाथ, दोनों जांघ और बाएं पैर की पिंडली में चोटें आईं. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने डंडे से उसके सिर पर वार किया.

रविंद्र के मुताबिक आरोपी ने बंदूक दिखाकर धमकी भी दी और दोबारा मोहल्ले में बिजली बिल चेक करने आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.

पुलिस ने दर्ज की FIR

घटना की शिकायत मिलने के बाद हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी बीरू तोमर के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और मशीन को नुकसान पहुंचाने समेत संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है. पुलिस घटना से जुड़े सभी आरोपों और साक्ष्यों की जांच कर रही है.

Exit mobile version