Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक युवक एक्स्ट्रा मोमोज मांगना महंगा पड़ गया. दुकानदार ने ग्राहक पर खौलता हुआ तेल फेंक दिया. इससे वह बुरी तरह झुलस गया. इससे वहां अफरा-तफरी मच गई. घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला रविवार (4 अक्टूबर) का है. न्यू रेशम मिल इलाके के प्रगति नगर में रहने वाला शिवा उर्फ चेतन भदौरिया पुरानी रेशम मिल चौराहे पर मोमोज खाने पहुंचा था. ‘अंकित मोमोज’ के ठेले पर रुका. उसके साथ दोस्त गोलू खान और विकास राजपूत थे. तीनों जिम के लिए घर से निकले थे. उन्होंने 20 रुपये के मोमोज मांगे, तो दुकानदार ने उन्हें प्लेट में 7 मोमोज दिए.
जब अंकित ने दुकानदार से कहा कि 20 रुपये में तो 8 मोमोज मिलते हैं. इस बात पर शिवा और दुकानदार के बीच जमकर बहस हो गई. कहासुनी देखते-देखते विवाद में बदल गई. दुकानदार ने गाली-गलौज शुरू कर दी, बात धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गई. इसी दौरान उसने खौलता हुआ तेल शिवा पर फेंक दिया. इससे वह जल गया. युवक का चेहरा और कान बुरी तरह जल गया. शिवा को अस्पताल ले जाया गया है. जहां उसका इलाज जारी है.
ये भी पढ़े: Ashoknagar: अस्पताल में नवजात बच्ची का गला घोंटकर हत्या, परिवार की तीसरी बेटी थी, पुलिस को परिजनों पर शक
आरोपी की तलाश जारी
इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई. जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची. पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. इस मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपी ठेले वाला घटना के बाद से फरार है, पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है. अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस के मुताबिक शिवा ठेले पर मोमोज खाने पहुंचा था. इस दौरान संख्या को लेकर बहस हो गई. बाद में ये कहासुनी हिंसक हो गई और दुकानदार ने खौलता हुआ तेल फेंक दिया.
