Vistaar NEWS

वंदे भारत में एक साथ सफर, दतिया उपचुनाव पर सियासी चर्चा? आमने-सामने बैठे BJP-कांग्रेस अध्यक्ष की तस्‍वीरें वायरल

Jitu Patwari and Hemant Khandelwal together on the Vande Bharat train.

वंदे भारत ट्रेन में जीतू पटवारी और हेमंत खंडेलवाल एक साथ

Datia by-election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच शुक्रवार को वंदे भारत एक्सप्रेस में एक दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर देखने को मिली. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी यात्रा के दौरान आमने-सामने की सीट पर बैठे नजर आए. उनके साथ राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार भी मौजूद थे. चुनावी माहौल के बीच दोनों प्रमुख दलों के नेताओं का एक साथ सफर करना और सहज बातचीत करना यात्रियों के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया.

यात्रा के दौरान चुनावी चर्चा

सफर के दौरान दोनों नेताओं के बीच दतिया उपचुनाव और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर बातचीत हुई. हालांकि चर्चा के बीच दोनों ने अपनी-अपनी पार्टी की जीत का भरोसा भी जताया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और पार्टी जीत दर्ज करेगी.

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विश्वास जताया कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी चुनाव में विजयी होंगे. राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बावजूद दोनों नेताओं के बीच दिखाई दिया सहज संवाद लोकतांत्रिक मर्यादा की मिसाल माना जा रहा है.

भाजपा ने प्रचार अभियान किया तेज

इधर, उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है. भाजपा शुक्रवार शाम चार बजे दतिया के प्राची होटल में अपने मीडिया सेंटर का शुभारंभ करेगी. पार्टी के अनुसार, यहीं से चुनाव प्रचार, मीडिया समन्वय और सोशल मीडिया से जुड़ी गतिविधियों का संचालन किया जाएगा. इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता मीडिया से बातचीत कर चुनावी रणनीति की जानकारी भी दे सकते हैं.

कांग्रेस की बड़ी जनसभा पर नजर

दूसरी ओर कांग्रेस भी चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ उतर रही है. पार्टी ने दतिया के बसई क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा आयोजित करने की तैयारी की है. इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, वरिष्ठ नेता जयवर्धन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय पदाधिकारी शामिल होंगे. कांग्रेस का लक्ष्य इस जनसभा के जरिए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ मतदाताओं तक अपने मुद्दों और संदेश को प्रभावी तरीके से पहुंचाना है.

ये भी पढे़ं- दत‍िया में भी कांग्रेस उम्मीदवार ने नामांकन में छ‍िपाई जानकारी? गोविंद देव के आरोपों के बाद बढ़ी हलचल

Exit mobile version