Vistaar NEWS

अशोक नगर में 6 करोड़ में बनेगा 2 हजार सीटर कॉल सेंटर, ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले- ‘लखपति युवा’ बनाने की योजना

Union Minister Jyotiraditya Scindia.

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया.

MP News: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं. यहां उन्होंने शुक्रवार को अशोकनगर के लिए बड़ा ऐलान किया है. केंद्रीय मंत्री ने जिले में फेज-2 में एक और कॉल सेंटर बनाने का ऐलान किया है. 2 हजार सीटर वाले कॉल सेंटर को 6 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा. इस मौके पर सिंधिया ने कहा कि इससे 2592 युवाओं को रोजगार मिलेगा.

‘लखपति दीदी की तरह, लखपति युवा की योजना’

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘मुझसे एक जिगरी दोस्त पूछ रहे थे कि आपने क्या किया. कॉल सेंटर जो बना है, उसमें 592 नौजवान बच्चे हैं. किसी ने मुझसे पूछा कि 600 लोगों में क्या होगा. हजारों करोड़ की योजना आती है, 100 लोगों को रोजगार मिलता है. राशि में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है. मेरा कहना है कि कितने लोगों को रोजगार मिला. जो बच्चे, अभी जिनका कॉलेज भी खत्म नहीं हुआ है, उन्हें 20-25 हजार रुपये की नौकरी मिल रही है, अगर युवाओं को 2 से ढाई लाख का पैकेज मिल रहा है, तो ये बड़ी बात है. जैसे लखपति दीदी की योजना है, वैसे मेरी लखपति युवा बनाने की योजना है.’

’40 हजार स्क्वायर फीट का कॉल सेंटर बनेगा’

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आगे कहा, ‘अभी हमारे यहां कॉल सेंटर परियोजना चल रही है. अभी तक 592 बच्चों को रोजगार मिला है. लेकिन अब फेज-2 में रिलायंस के जियो का 40 हजार स्क्वायर फीट का कॉल सेंटर बनने जा रहा है. 6 करोड़ की लागत से 2 हजार सीटर कॉल सेंटर बनेगा. इससे अशोकनगर ही नहीं बल्कि गुना, झांसी समेत आसापस के सभी युवाओं को फायदा होगा. अगर एक युवा को शुरुआत में ढाई लाख रुपये सालाना मिलता है तो ये कम नहीं है. हमारा फोकस युवाओं को रोजगार देने के लिए है.’

बता दें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 3 दिवसीय अशोकनगर के दौरे पर हैं. गुरुवार को उन्होंने तारवाले बालाजी के मंदिर में पूजा-अर्चना की थी.

ये भी पढे़ं: एमपी में देश की सबसे बड़ी वाटर टनल तैयार, बंजर खेतों में पहुंचेगा नर्मदा जल, यहां जानें सुरंग की खासियत

Exit mobile version