Bhopal: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने CM मोहन यादव से की मुलाकात, TMZ समेत कई विषयों पर हुई चर्चा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सीएम मोहन यादव
Bhopal News: केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से गुरुवार को मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच ग्वालियर में स्थापित हो रहे एशिया के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (Telecom Manufacturing Zone–TMZ) को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले Telecom Manufacturing Zone Investor Meet 2026 के संदर्भ में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई.
बैठक में टेलीकॉम विनिर्माण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन देने तथा मध्य प्रदेश को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. यह पहल ग्वालियर सहित पूरे मध्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी.
भोपाल आगमन पर मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री @DrMohanYadav51 जी से सौजन्य भेंट की। ग्वालियर में स्थापित हो रहे एशिया के पहले Telecom Manufacturing Zone (TMZ) को नई गति देने के उद्देश्य से आयोजित Telecom Manufacturing Zone Investors Meet 2026 के संदर्भ में विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) November 19, 2026
भारत सरकार देगी 493 करोड़ रुपये
ग्वालियर में विकसित किया जा रहा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन देश में दूरसंचार उपकरण निर्माण को प्रोत्साहित करने वाली विशिष्ट एकीकृत औद्योगिक पहल है. परियोजना के प्रथम चरण में ग्वालियर आईटी पार्क एवं साडा क्षेत्र में लगभग 170 एकड़ भूमि पर प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक अधोसंरचना विकसित की जा रही है. इस परियोजना के लिए भारत सरकार से 493 करोड़ रुपए की सहायता प्राप्त है. इसके अतिरिक्त परीक्षण एवं प्रमाणन सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 300 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है.
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए विशेष प्रोत्साहन भी दिए जा रहे हैं. इनमें 1 रुपए के प्रीमियम पर भूमि उपलब्ध कराने, 50 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान, स्टाम्प ड्यूटी की शत-प्रतिशत प्रतिपूर्ति तथा शुरुआती पांच वर्षों तक विद्युत दर में 2 रुपए प्रति यूनिट की छूट जैसे प्रावधान शामिल हैं.



