आज पूरा देश करवाचौथ का त्योहार मना रहा है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखती हैं और शाम के चांद देखने के बाद ही अपने व्रत का पारण करती हैं. लेकिन शिवपुरी से जो मामला सामने आया है वह हैरान कर देने वाला है. यहां पर एक पति अपनी पत्नी की शिकायत लेकर थाने पहुंचा और उसने लिखित में शिकायत देते हुए अपना दर्द बयां किया है.
पति का आरोप है कि उसकी पत्नी न सिर्फ उससे बेवफाई कर रही है, बल्कि उसके लिए करवा चौथ का व्रत भी नहीं रख रही. ये मामला बदरवास थाना क्षेत्र के बिजरावन गांव है. यहां के निवासी बारेलाल आदिवासी ने पुलिस को अपनी पत्नी के खिलाफ आवेदन दिया है.
पति ने आवेदन में क्या लिखा…
इस आवेदन में लिखा ‘मैं बारेलाल आदिवासी पुत्र लालू आदिवासी उम्र 30 साल, निवासी बिजरावन का रहने वाला हूं. मेरी पत्नी का नाम मिथलेश आदिवासी है, जो मुझसे बेवफाई कर रही है और मेरे लिए करवा चौथ का व्रत नहीं रख रही है. वह मुझे मारना चाहती है. न ही मेरे लिए चांद की पूजा कर रही है. मैंने कहा कि तू चांद देख ले, जिससे मेरी उम्र बढ़ जाए मगर वह मुझे मारना चाह रही है. अगर इस बार मेरी पूजा नहीं की तो मैं उसे तलाक दे दूंगा. इसलिए आवेदन पेश कर रहा हूं. कार्रवाई की जाए.’
पुलिसवाले भी रह गए हैरान
शिवपुरी जिले के बदरवास पुलिस थाने पहुंचे इस अनोखे आवेदन को पढ़कर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए असमंजस में पड़ गए. पारिवारिक विवाद और धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले में कानूनी कार्रवाई की गुंजाइश तलाशने के लिए आवेदन की जांच की जा रही है.
अगर नहीं रखा व्रत तो दे देगा तलाक
बारेलाल ने कहा है कि उसने कई बार अपनी पत्नी से कहा कि उसके लिए करवाचौथ का व्रत रखे और चांद देखकर पूजा करें, लेकिन पत्नी ने उसकी बात एक भी बार नहीं मानी. पति का आरोप है कि पत्नी न तो व्रत रख रही है और न ही करवाचौथ के नियमों का पालन कर रही है. बारेलाल ने साफ किया है कि अगर पत्नी ने करवाचौथ का व्रत नहीं रखा तो वह उसको तलाक देगा. ये खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वयारल हो रही है.
ये भी पढ़ें: Dewas Liquor Case: AI से खोजा नकली शराब बनाने का तरीका, इंदौर से मंगाया केमिकल, आरोपियों का खुलासा
