Shivpuri: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का एक कथित बयान सामने आया है. विधायक प्रीतम सिंह लोधी मंच से भाषण देते हुए कह रहे हैं कि महिलाएं पिछोर रेस्ट हाउस पर मुझे पटाने के लिए आती हैं. उनके बयान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधा है.
खनियांधाना में सभा के दौरान दिया भाषण
दरअसल शिवपुरी जिले के खनियांधाना में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में 20 अगस्त को खनियांधाना में आयोजित सभा के दौरान विधायक ने महिलाओं को लेकर कई गंभीर बातें कही. विधायक ने कथित तौर पर कहा कि कुछ लोगों द्वारा महिलाओं को उनके आसपास भेजकर उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है.
विधायक ने दावा किया कि…
उन्होंने कहा कि कई लोग मोबाइल लेकर खड़े रहते हैं और उनके कुछ बोलने का इंतजार करते हैं, ताकि बाद में उन्हें फंसाया जा सके. विधायक ने यह भी दावा किया कि एक महिला ने उन्हें बताया कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उनके आसपास महिलाओं को पहुंचाया जाता है. उनके अनुसार, कुछ महिलाओं को यह कहकर भेजा जाता है कि जाकर विधायक से बातचीत करें या उन्हें पटाने की कोशिश करें.
प्रीतम लोधी ने कथित तौर पर कहा कि ऐसी महिलाओं के बारे में उन्हें पहले से जानकारी हो जाती है और उन्हें लगता है कि यह महिलाएं “शातिर दिमाग” की हैं. विधायक के इस कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
कांग्रेस ने साधा निशाना
भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के विवादित बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने कहा कि भाजपा का महिला विरोधी चेहरा उजागर हुआ है. इससे पहले पन्नालाल शाक्य ने माता सीता का अपमान किया था और अब भाजपा का विधायक महिलाओं के चरित्र पर उंगली उठा रहे हैं. यही भाजपा और आरएसएस का मूल चरित्र है. ऐसा बयान देते हुए इनकी शर्म आनी चाहिए लेकिन इनकी आंखों में शर्मा का पानी तक नहीं आया.
ये भी पढे़ं- ‘जेल से बाहर आना है तो 75 लाख रुपए दो’, अवैध वसूली मामले में कटनी CSP नेहा पच्चीसिया की बढ़ी मुश्किलें
