MP News: ग्वालियर में ऑपरेशन मुस्कान के तहत महाराजपुरा थाना पुलिस ने घर से लापता हुए 16 वर्षीय किशोर को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से किशोर का पता लगाया. पूछताछ में उसने बताया कि उसे घूमने का शौक है और वह अपनी मर्जी से अकेले दिल्ली चला गया था. पुलिस के मुताबिक, किशोर के साथ किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई.
29 सितंबर की सुबह घर से निकला था
महाराजपुरा क्षेत्र में रहने वाले परिजन ने 29 सितंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि उनका 16 वर्षीय बेटा, जो कक्षा 10वीं में पढ़ता है, सुबह करीब 6 बजे घर से बिना बताए निकल गया. परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की.
दोस्तों से पूछताछ के बाद शुरू हुई तकनीकी जांच
शिकायत मिलने के बाद महाराजपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की. पुलिस ने उसके करीबी दोस्तों से भी पूछताछ की. दोस्तों ने बताया कि किशोर को किसी तरह की परेशानी नहीं थी और उन्हें उसके कहीं जाने की जानकारी नहीं थी. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.
मोबाइल लोकेशन से दिल्ली में मिला सुराग
एसएसपी धर्मवीर सिंह और एएसपी पूर्व डॉ. शिवेश सिंह बघेल के निर्देश पर सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत गोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से किशोर की तलाश तेज की. 1 अक्टूबर को पुलिस को मोबाइल लोकेशन के जरिए उसके दिल्ली में होने की जानकारी मिली.
दिल्ली पहुंचकर पुलिस ने किया सकुशल बरामद
लोकेशन की पुष्टि होने के बाद महाराजपुरा पुलिस की टीम तत्काल दिल्ली रवाना हुई. वहां पहुंचकर पुलिस ने किशोर को सुरक्षित बरामद कर लिया. पुलिस टीम गुरुवार रात उसे लेकर ग्वालियर वापस लौटी.
घूमने के शौक में अकेले दिल्ली चला गया था
पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी इच्छा से घूमने के लिए अकेले दिल्ली चला गया था. उसने पुलिस को बताया कि उसके साथ किसी तरह की गलत घटना या वारदात नहीं हुई. आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
ये भी पढे़ं- मां की डांट से राजस्थान से भागा बच्चा, इस हाल में, Gwalior स्टेशन पर मिला, गुल्लक से चुराए थे पैसे
