Input-मनोज शर्मा
Morena: गणेशपुर क्षेत्र में फास्ट फूड का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले एक मजदूर की 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों के मुताबिक, नाबालिग 12 अगस्त 2026 को अपने परिचित राहुल यादव के साथ होटल में बर्थडे पार्टी मनाने के लिए गई थी, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी.
पुलिस को दी गई मामले की सूचना
परिजनों ने बताया कि बेटी के वापस नहीं लौटने पर उन्होंने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से जानकारी लेने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
परिजनों का दावा है कि नाबालिग राहुल यादव के साथ होटल की ओर जाती हुई सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही है. इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है. पुलिस द्वारा राहुल यादव को बुलाकर पूछताछ किए जाने की जानकारी भी सामने आई है.
चार दिनों से कोतवाली के चक्कर लगा रहे परिजन
इधर, बेटी की तलाश में परिजन पिछले चार दिनों से कोतवाली थाने के चक्कर लगा रहे हैं. परिजनों का कहना है कि बच्ची के लापता होने के बाद से पूरा परिवार परेशान है और उन्हें उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नाबालिग की तलाश के लिए उपलब्ध साक्ष्यों तथा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही नाबालिग के लापता होने की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- Fact Check:तो क्या स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा के पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने फहराया भाजपा का झंडा ? Video Viral
