Khandwa: 170 करोड़ की लागत से बनेगी नई ASF बटालियन, IG और DIG समेत कई अधिकारियों ने किया जगह का निरीक्षण

मध्य प्रदेश के निमाड़ अंचल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और त्वरित पुलिसिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खंडवा में विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) बटालियन की स्थापना की प्रक्रिया तेज हो गई है.
Khandwa News

जगह का निरीक्षण करते अधिकारी

मध्य प्रदेश के निमाड़ अंचल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और त्वरित पुलिसिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खंडवा में विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) बटालियन की स्थापना की प्रक्रिया तेज हो गई है. लगभग 170 से 175 करोड़ रुपये के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सुरगांव निपानी स्थित चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया.

निरीक्षण दल में इंदौर रेंज के आईजी अनुराग, एसएएफ डीआईजी अमित सिंह, खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता और पुलिस अधीक्षक सहित वन, जल संसाधन, राजस्व और उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व इंजीनियर शामिल रहे.

निमाड़ और तीर्थनगरी ओंकारेश्वर की सुरक्षा होगी पुख्ता: आईजी

स्थल निरीक्षण के बाद आईजी अनुराग ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप बटालियन का लेआउट प्लान तैयार कर लिया गया है. उन्होंने कहा, “विजिट के दौरान पानी की आपूर्ति, प्रशासनिक ब्लॉक, आवासीय परिसर और ट्रेनिंग एरिया को लेकर विभागों के साथ समन्वय बैठक हुई है.

170 से 175 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) स्तर पर अंतिम चर्चा के बाद शासन की वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा. बटालियन आने से खंडवा को करीब 1,000 जवानों का अतिरिक्त बल मिलेगा, जिससे बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर और नजदीकी औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था व सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ होगी.”

डीपीआर स्वीकृति के अंतिम चरण में प्रोजेक्ट: कलेक्टर

खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि बटालियन के लिए भूमि पूर्व में ही आवंटित की जा चुकी है और अब फेज-1 की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है. कलेक्टर ने कहा, “स्थल पर इंटरनल सड़कों, पेयजल आपूर्ति और हाईटेंशन विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग जैसे तकनीकी बिंदुओं का अधिकारियों के साथ बारीकी से अध्ययन किया गया है. फेज-1 और फेज-2 के तहत चरणबद्ध काम तय कर जल्द ही बटालियन को मूर्त रूप दिया जाएगा.”

वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से विकास को मिलेगी गति: मुकेश तनवे

निरीक्षण में शामिल रहे भाजपा नेता मुकेश तनवे ने कहा कि खंडवा विधायक कंचन तनवे द्वारा विधानसभा में इस मांग को प्रमुखता से उठाया गया था. उन्होंने कहा, “खंडवा की संवेदनशीलता और सुरक्षा को देखते हुए यह पिछले कई दशकों की मांग थी. बटालियन की स्थापना न केवल सुरक्षा और शांति का आधार बनेगी, बल्कि इसके पास विकसित हो रहे नए औद्योगिक क्षेत्र के कारण स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और क्षेत्रीय विकास के नए द्वार भी खुलेंगे.”

संवेदनशील इतिहास और 105 एकड़ भूमि का बैकग्राउंड

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता व नागरिक सुनील जैन ने बताया कि खंडवा का इतिहास सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील रहा है और त्योहारों पर अतिरिक्त बल की आवश्यकता पड़ती रही है. उन्होंने बताया कि पूर्व में सुरगांव निपानी में चिन्हित की गई करीब 105 एकड़ जमीन पर इस परियोजना को मूर्त रूप दिया जा रहा है. 1,057 पदों के सृजन और भारी बजट के साथ इस बटालियन के स्थापित होने से पूरे निमाड़ संभाग को स्थायी सुरक्षा कवच मिलेगा.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें