Vistaar NEWS

Morena News: मुरैना में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 182 किलो पनीर जब्त किया

morena: Adulterated food items seized

मुरैना: मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त

Morena News: (मनोज शर्मा की रिपोर्ट) उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में लगातार जांच और नमूना कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अम्बाह और जौरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 182 किलो पनीर, 40 किलो मावा और 45 किलो घी जब्त किया है.

45 हजार रुपये की सामग्री जब्त

अम्बाह तहसील के ग्राम चक्रपाण का पुरा दांडोली में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल प्रताप सिंह परिहार ने केशव बघेल की डेयरी का निरीक्षण किया. यहां मावा और घी का निर्माण किया जा रहा था. गुणवत्ता और स्वरूप को लेकर संदेह होने पर 40 किलो मावा और 45 किलो घी, जिसकी अनुमानित कीमत 45,500 रुपये बताई गई है, नियमानुसार जब्त किया गया. दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं.

वहीं, जौरा तहसील में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश सिंह निम और महेंद्र सिंह सिरोहिया ने दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की. दिव्यांश ट्रेडिंग कंपनी से 103 किलो पनीर, जिसकी कीमत करीब 36,050 रुपये, जबकि जय बजरंग डेयरी से 79 किलो पनीर, जिसकी कीमत करीब 25,280 रुपये बताई गई है, जब्त किया गया. दोनों स्थानों से पनीर के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं.

अभियान जारी रहेगा – खाद्य विभाग

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई के दौरान जब्त पनीर को प्रयोगशाला रिपोर्ट आने से पहले एनालॉग पनीर घोषित नहीं किया जा रहा है. जांच रिपोर्ट के आधार पर ही इसकी वास्तविक संरचना और गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा.

ये भी पढ़ें: Morena: दो कमरों में चल रहा था 445 बच्चों का मदरसा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने किया सील, मान्‍यता होगी रद्द

यदि जांच में खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं या पनीर-मावा के स्थान पर किसी अन्य वसा अथवा वनस्पति वसा आधारित उत्पाद का इस्तेमाल पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि मिलावटी, अमानक तथा गलत नाम या दावे के साथ बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

Exit mobile version