Input-Manoj Sharma
Morena: मुरैना में विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा दिए गए एक बयान को लेकर कुशवाहा समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है. भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाहा के निवास पर आयोजित कुशवाहा सम्मेलन में संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि “कुशवाहा समाज हमारा बहुत प्रिय है और हमारे साथ भी है, लेकिन कभी-कभी कुशवाहा समाज गुलाटी खा जाता है, जिसके कारण समाज को आगे सफलता नहीं मिल पाती.”
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुशवाहा समाज के कई नेताओं ने इसे समाज का अपमान बताते हुए कड़ी निंदा की है. पूर्व विधायक बैजनाथ सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक सोनेराम कुशवाहा तथा कुशवाहा समाज की महिला प्रदेश अध्यक्ष रंजैश कुशवाहा सहित अन्य नेताओं ने बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष को समाज के इतिहास और योगदान की जानकारी होनी चाहिए.
राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज
नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की टिप्पणी समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है. फिलहाल इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की ओर से कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है. बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है.
यह वीडियो मुरैना जिले के शिवनगर स्थित बीजेपी अध्यक्ष कमलेश कुशवाह के निवास पर शुक्रवार को आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम का बताया जा रहा है. पूर्व कांग्रेस विधायक सोनेराम कुशवाह और अखंड भारत महासंघ ने उनके बयान की निंदा की है. पूर्व विधायक सोनेराम ने कहा है कि समाज को बीजेपी से प्रमाणपत्र की कोई जरूरत नहीं है.
ये भी पढ़ेंः भोपाल-इंदौर में झमाझम बारिश! IMD ने 12 जिलों में जारी किया अलर्ट, जानें मौसम का अपडेट
