मुरैना:15 लाख के तालाब में हो रही खेती और गड्ढों को बता दिया जलाशय, 32 सरपंच-सचिवों के खिलाफ वारंट
तालाब वाली जगह खेती, तो कहीं गड्ढे को बता दिया तालाब
MP News: मध्य प्रदेश के मुरैना में फर्जीवाड़े का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. बारिश के पानी को सहेजने के लिए हर गांव में एक तालाब बनाया जाता है, लेकिन इन तलाबों के निर्माण में बड़ा घोटाला कर दिया है. गांव में जिन भी जगहों पर तालाब बताए जा रहे हैं, उन जगहों पर पानी का कोई सुराग तक नहीं मिला. तालाब वाली जमीन पर खेती कर रहे हैं. इन तालाबों की मानीटरिंग नहीं की गई, जिसकी वजह से अब तक ये फर्जीवाड़े पकड़े नहीं गए और न ही इनको कागज में दर्शाने वालों पर कार्रवाई हो सकी.
दूसरी ओर, पंचायतों में निर्माण कार्यों के नाम पर 1.70 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अनियमितता के मामले में 32 पूर्व सरपंचों और 7 पूर्व सचिवों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं. हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं.
15 लाख का तालाब, जमीन पर हो रही खेती
सबलगढ़ जनपद की हीरापुर ग्राम पंचायत में तालाब निर्माण को लेकर कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ से शिकायत की गई है. शिकायत के अनुसार, वासुदेव पुजारी के खेत के पास तालाब बनाने पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए. इसमें पांच लाख रुपये सामग्री और सात लाख रुपये से अधिक मनरेगा मजदूरों पर खर्च होना बताया गया है. इसके बावजूद तालाब में पानी नहीं है और उसकी जमीन पर सरसों की खेती हो रही है. हाकिम सिंह और दर्शन गुर्जर के खेतों के पास बताए गए तालाबों को लेकर भी ऐसी ही शिकायतें सामने आई हैं.
पुराने गड्ढों को तालाब बताकर राशि निकालने का आरोप
चंबल और क्वारी नदी के आसपास बीहड़ क्षेत्र की पंचायतों में भी तालाब निर्माण में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं. अंबाह विकासखंड की ऐसाह और कैलारस जनपद की कुरौली पंचायत में कागजों पर तालाब निर्माण दिखाने की शिकायतें की गई हैं. वहीं, दिमनी विधानसभा क्षेत्र की चांदपुर पंचायत में तीन तालाब बनाए जाने की बात कही गई थी. आरोप है कि दो जगह तालाब में पानी नहीं है और जमीन पर सरसों व गेहूं की खेती हो रही है. तीसरे स्थान पर गहरीकरण का काम नहीं हुआ. ग्रामीणों के मुताबिक, वहां दशकों पुराना गड्ढा है, जिसे तालाब बताकर करीब 15 लाख रुपये निकालने का आरोप है.
32 पूर्व सरपंच और 7 सचिवों के खिलाफ वारंट
जिला पंचायत की जांच में वर्ष 2010 से 2021 के बीच के कार्यकाल में 32 पूर्व सरपंचों और 7 पूर्व सचिवों पर निर्माण कार्य कराए बिना 1 करोड़ 70 लाख 10 हजार 268 रुपये निकालने का आरोप सामने आया. 16 नवंबर को जिला पंचायत सीईओ ने इनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए. इनमें 18 महिला पूर्व सरपंच भी शामिल हैं. वारंट संबंधित थानों तक पहुंचाए जाने की जानकारी है, लेकिन अब तक किसी को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा गया है. पहले चरण में 15-15 दिन की सिविल जेल की कार्रवाई की गई है. वसूली की राशि सरकारी खाते में जमा कराने पर रिहाई का प्रावधान बताया गया है.
जांच के बाद कार्रवाई का दावा
जिला पंचायत मुरैना के सीईओ कमलेश भार्गव ने कहा कि तालाब और अन्य निर्माण कार्यों में मिली शिकायतों की जांच कराई जा रही है. काम नियमानुसार नहीं मिलने पर संबंधित सरपंच, सचिव और उपयंत्री के खिलाफ कार्रवाई होगी. पंचायतों में सोशल ऑडिट के जरिए भी जांच की जा रही है और जनता से फीडबैक लिया जाएगा.



