इनपुट-मनोज शर्मा
Morena News: मध्यप्रदेश के मुरैना से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. बता दें, यहां पहले से ही फर्जी नियुक्ती चर्चा में रही हैं. वहीं अब, यहां हुई आंगनवाड़ी भर्ती प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में आ गई है. दरअसल अंबाह क्षेत्र की बान का पुरा पंचायत में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
शिकायतकर्ता का क्या आरोप है?
शिकायतकर्ता शीतल का आरोप है कि नियुक्ति पाने वाली महिला ने दस्तावेजों में पिता को पति दर्शाकर तथा पिता का बीपीएल कार्ड लगाकर अतिरिक्त अंक हासिल किए और इसी आधार पर चयन कर लिया गया. इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि संबंधित महिला जोंहा ग्राम पंचायत की निवासी है, जबकि नियुक्ति बान का पुरा पंचायत में की गई.
अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं
शिकायत के अनुसार पात्रता के आधार पर शीतल का चयन होना चाहिए था, लेकिन कथित गड़बड़ियों के कारण उन्हें मौका नहीं मिला. पिछले छह महीनों से वह विभागीय अधिकारियों और प्रशासन के दफ्तरों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
मुरैना कलेक्टर का बयान आया सामने
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब महिला एवं बाल विकास विभाग में कथित रूप से पैसे लेकर फर्जी नियुक्तियां किए जाने के आरोप भी सामने आए. हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इधर, मुरैना कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने पूरे मामले की जांच कराने के लिए टीम गठित किए जाने की बात कही है.
ये भी पढ़ें:आरक्षण के विरोध में जंतर-मंतर पर जुटे लोग! आधी रात पुलिस ने खदेड़ा, आज भीड़ बढ़ने की आशंका
