Vistaar NEWS

Morena News: मुरैना में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत, प्रेमी ने गला घोंटकर की हत्या, 3 महीने बाद मिला कंकाल

Morena Lover Murder Case

आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया

इनपुट-मनोज शर्मा

Lover Strangles Girl Skeleton Found: मुरैना में 16 वर्षीय किशोरी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. शादी का दबाव बना रही नाबालिग प्रेमिका को उसके ही प्रेमी ने मौत के घाट उतार दिया. आरोपी ने पहले गला घोंटकर हत्या की, फिर पहचान छिपाने के लिए शव को राजस्थान के दौसा में रेलवे ट्रैक के पास चार फीट गहरे टैंक में दफना दिया. करीब तीन महीने बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मानव कंकाल बरामद किया है. अब डीएनए जांच के जरिए पहचान की पुष्टि की जाएगी. पुलिस का दावा है कि आरोपी पहले भी दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है. आरोपी अपनी शादी करने गांव लौटा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया और पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया.

प्रेमी ही निकला हत्यारा

यह सनसनीखेज मामला मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र का है. 28 मार्च से लापता 16 वर्षीय किशोरी की तलाश पुलिस लगातार कर रही थी. जांच के दौरान संदेह उसके प्रेमी पर गया. हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी टूट गया और हत्या की पूरी कहानी उगल दी.

प्रेमी ने क्यों हत्या की?

पुलिस के मुताबिक किशोरी आरोपी पर शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन आरोपी शादी नहीं करना चाहता था. इसी वजह से उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. आरोपी किशोरी को बहाने से राजस्थान के दौसा ले गया, जहां सुनसान जगह पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को रेलवे ट्रैक के पास बने करीब चार फीट गहरे टैंक में दफना दिया, ताकि किसी को वारदात का पता न चल सके.

3 महीने बाद रेलवे टैंक से मिला किशोरी का कंकाल

स्थानीय लोगों को कुछ समय बाद बदबू भी आई, लेकिन रेलवे ट्रैक के आसपास अक्सर पशुओं के कटने की वजह से लोगों ने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया. करीब तीन महीने बाद आरोपी की निशानदेही पर मुरैना पुलिस राजस्थान पहुंची. स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में खुदाई कराई गई, जहां से मानव कंकाल बरामद हुआ. कंकाल को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेजा गया है.

ये भी पढ़ें-अंधविश्वास में चली गई युवक की जान, सांप के काटने के बाद झाड़-फूंक करने लगे; भिंड में देर से अस्पताल पहुंचने पर हो गई मौत

कड़ी सजा की तैयारी

डीएसपी विजय भदौरिया का कहना है कि आरोपी के खिलाफ फॉरेंसिक साक्ष्य, डीएनए रिपोर्ट और अन्य मजबूत सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि अदालत में उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके.

Exit mobile version