अंधविश्वास में चली गई युवक की जान, सांप के काटने के बाद झाड़-फूंक करने लगे; भिंड में देर से अस्पताल पहुंचने पर हो गई मौत

सांप के काटने के बाद परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले जाने के बजाय अंधविश्वास और झाड़-फूंक के चक्कर में थरेट ले गए, जहां उसे पारंपरिक देसी दवाई खिलाई गई.
Family members mourning after the death of the young man.

युवक की मौत के बाद घर के लोग मातम मनाते हुए.

Input- सचिन शर्मा

MP News: भिंड में अंध विश्वास और झाड़-फूंक ने एक युवक की जान ले ली. लहार तहसील के अंतर्गत रावतपुरा थाना क्षेत्र के खजूरी गांव में रविवार देर रात सांप के काटने से एक 20 वर्षीय युवक की दुखद मृत्यु हो गई. मृतक की पहचान खजूरी गांव निवासी कल्लू परिहार के रूप में हुई है, जिसके पिता का नाम रामानन्द है. मिली जानकारी के अनुसार, कल्लू खेतों में बनी एक कोठी के बाहर सोया हुआ था. रात के करीब तीन बजे वह पेशाब करने के लिए उठा और वापस आकर सो गया, जिसके कुछ ही देर बाद वहां आए एक जहरीले सांप ने उसकी उंगली में डंस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

डॉक्टर के दिखाने के बजाय झाड़-फूंक करने लगे

परिजनों के मुताबिक सांप काले रंग का था, जिस पर सफेद रंग की धारियां बनी हुई थीं. सांप के काटने के बाद परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले जाने के बजाय अंधविश्वास और झाड़-फूंक के चक्कर में थरेट ले गए, जहां उसे पारंपरिक देसी दवाई खिलाई गई.

हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए

झाड़-फूंक के बाद युवक को लहार सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के तौर पर दो बोतलें भी चढ़ाईं. जब उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी, तो डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भिंड के लिए रेफर कर दिया. परिजन उसे लेकर सुबह करीब छह बजे जिला अस्पताल भिंड पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. झाड़-फूंक के फेर में समय गंवाने और फिर एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भागने के कारण युवक की जान नहीं बचाई जा सकी.

ये भी पढ़ें: धार में एकलव्य स्कूल हॉस्टल में छात्रों की बेल्ट से पिटाई, सीनियर्स पर मारपीट का आरोप; मैनेजमेंट ने कही जांच की बात

ज़रूर पढ़ें