इनपुट-मनोज शर्मा
Morena: जिले की पोरसा तहसील स्थित एक लोक सेवा केंद्र पर कथित रूप से फर्जी मूल निवासी प्रमाण-पत्र बनाए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि केंद्र से जारी किए गए कुछ मूल निवासी प्रमाण-पत्रों में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं, जिससे सरकारी दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं.
कई प्रमाण-पत्रों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज
बताया जा रहा है कि कुछ प्रमाण-पत्रों के QR कोड स्कैन करने पर संबंधित आवेदक के बजाय किसी अन्य युवती का नाम प्रदर्शित हो रहा है. इतना ही नहीं, कई प्रमाण-पत्रों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज होने का भी आरोप है. इन तथ्यों के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है.
सरकारी दस्तावेजों में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं, तो यह सरकारी दस्तावेजों में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा और गंभीर लापरवाही का मामला होगा. लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक संबंधित लोक सेवा केंद्र संचालक और प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. फिलहाल आरोपों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: ‘नाबालिग प्रेग्नेंट के अबॉर्शन के लिए मेडिकल बोर्ड बताएगा’, HC ने CMHO से 20 जुलाई तक रिपोर्ट मांगी
