Vistaar NEWS

Morena: 10 घंटे में बदली पूरी कहानी, सुबह ‘खाली गाड़ी’, बाद में मिले 41.21 लाख और हथियार, पुलिस एक्शन पर उठे सवाल

morena police action 41.21 lakh rupees and arms recovered

मुरैना: गाड़ी से मिले 41.21 लाख रुपये कैश

Morena News: मुरैना में सिविल लाइन पुलिस की एक कार्रवाई को लेकर अब सवाल खड़े हो रहे हैं. वजह है पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी जानकारी में कुछ ही घंटों के भीतर आया कथित बदलाव. सुबह थाना प्रभारी की ओर से कथित तौर पर गाड़ी में कोई खास बरामदगी नहीं होने और फिटनेस से जुड़ी जानकारी सामने आई, लेकिन शाम तक पुलिस ने उसी कार्रवाई में आई-20 कार से 41.21 लाख रुपये नकद, अवैध पिस्टल, जिंदा राउंड और धारदार हथियार बरामद करने का दावा कर दिया.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक आई-20 कार का पीछा कर उसे रोका गया था. इस दौरान कार में सवार चार आरोपी हादसे में घायल हो गए. पुलिस ने कार की तलाशी ली तो बड़ी मात्रा में नकदी और हथियार मिलने का दावा किया गया.

पुलिस के अनुसार, कार से 41 लाख 21 हजार रुपये नकद, 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो जिंदा राउंड, धारदार छुरा, सरिया और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस ने बरामदगी को लेकर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू करने की बात कही है.पुलिस का दावा है कि इतनी बड़ी रकम का कनेक्शन उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में हुई चोरी की वारदात से सामने आया है. हालांकि, रकम के कथित कनेक्शन और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

इस कार्रवाई में सबसे बड़ा सवाल पुलिस की शुरुआती और बाद की जानकारी को लेकर है. सुबह जहां गाड़ी को लेकर अलग जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है, वहीं कुछ घंटे बाद पुलिस ने उसी वाहन से लाखों रुपये की नकदी और अवैध हथियार बरामद करने का दावा किया. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर महज कुछ घंटों में कार्रवाई की तस्वीर इतनी बदल कैसे गई?

ये भी पढ़ें: मुरैना: क्वारी नदी में बाढ़ के चलते टापू बना बारह द्वारी मंदिर, 3 दिन से फंसे साधु ने लगाई मदद की गुहार

पुलिस ने शुरुआत में क्या जांच की थी और बाद में 41.21 लाख रुपये की नकदी और हथियार बरामदगी की स्थिति कैसे सामने आई?फिलहाल पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ और पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि बरामदगी और रकम के स्रोत को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.अब इस पूरे मामले में पुलिस की शुरुआती जानकारी और बाद की बरामदगी के बीच अंतर को लेकर उठ रहे सवालों पर सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव का स्पष्टीकरण महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Exit mobile version