शिवपुरी से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक के बाद एक करके दो सगी बहनों ने अपने बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकार अपनी जान दे दी. इस घटना में कुल 6 लोगों को मौत हो गई और देखते ही देखते एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह से तबाह हो गया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है.
दो अलग-अलग गांवों की घटना
दरअसल ये पूरी घटना अलग-अलग गांवों की हैं. पहली घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगर गांव की है. यहां पर 35 वर्षीय अंजली रावत नाम की एक महिला ने अपने 6 साल के बेटे प्रशांत के साथ खेत पर बने कुएं में छलांग लगा दी. घटना में अंजली और उसके बेटे दोनों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि अंजली रावत आठ माह की गर्भवती भी थी. अंजलि के पति धरमवीर की करीब एक महीने पहले ही एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी.
अंजली की बड़ी बहन ने भी लगा दी छलांग
इसके बाद कोलारस थाना क्षेत्र के खोंकर गांव में अंजली रावत की बड़ी बहन सीता रावत (40 वर्ष) ने भी अपने तीन बच्चों राखी (14 वर्ष), प्रियंका (11 वर्ष) और श्लोक (6 वर्ष) के साथ कुएं में छलांग लगा दी. इस घटना में सीता और उसके तीनों बच्चों की जान चली गई. इस दोनों घटनाओं में दोनों बहनों समेत कुल 6 लोगों की मौत हो गई है.
मामले की जानकारी में जुटी पुलिस
परिजनों ने तुरंत इस मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी. पुलिस बल ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा. काफी मश्क्कत के बाद कुएं से मां और तीनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया. एक ही दिन में दो सगी बहनों और उनके मासूम बच्चों की अर्थी उठने से दोनों गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है. शोक के मारे ग्रामीणों के घरों में चूल्हे तक नहीं जले. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों बहनों के आत्महत्या करने के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: Dewas Liquor Case: AI से खोजा नकली शराब बनाने का तरीका, इंदौर से मंगाया केमिकल, आरोपियों का खुलासा
