Shivpuri: वन विभाग की टीम पर हमला, तीन कर्मचारी घायल, जान बचाने के लिए निकालनी पड़ी राइफल
शिवपुरी: वन विभाग की टीम पर हमला
Shivpuri News: शिवपुरी जिले के करैरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत खोड़ सबरेंज की आसपुर बीट में वन विभाग की टीम पर हमले का मामला सामने आया है. यहां प्लांटेशन निर्माण कार्य कराने पहुंची वन विभाग की टीम पर आसपुर और छतपुर गांव के कुछ ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से हमला कर मारपीट किए जाने की जानकारी मिली है. घटना में वन विभाग के तीन कर्मचारी घायल हुए हैं. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम निर्धारित प्लांटेशन निर्माण कार्य कराने के लिए आसपुर बीट पहुंची थी. इसी दौरान वन विभाग की भूमि पर अतिक्रमण के आरोपों का सामना कर रहे कुछ ग्रामीणों ने कथित रूप से एकजुट होकर टीम का विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और वनकर्मियों के साथ हमला किए जाने की बात सामने आई. अचानक बिगड़े हालात के बीच कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
जान बचाने के लिए वनकर्मियों ने निकाली राइफल
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान स्थिति बिगड़ने पर वन विभाग के कर्मचारियों ने अपनी सुरक्षा के लिए राइफल निकालकर बचाव का प्रयास किया. घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल होने की जानकारी सामने आई है.
तीन कर्मचारी घायल, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
इस घटना में हर्षित चौहान (सुरक्षा श्रमिक), सुनील पाल (JCB ऑपरेटर) और रामनिवास परिहार (सुरक्षा श्रमिक) को चोटें आई हैं. घटना ने वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. वन भूमि की सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के तहत प्लांटेशन कार्य कराने पहुंचे कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटना से विभागीय कार्य भी प्रभावित होने की आशंका है.
फिलहाल हमले में शामिल लोगों की पहचान और घटना के संबंध में पुलिस एवं वन विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है. मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है.



