रिपोर्ट – मनोज शर्मा
MP News: मुरैना में ओलंपियन एवं एथलीट अंकित शर्मा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. सिटी कोतवाली पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. उन पर सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए दस्तावेजों में कथित तौर पर हेरफेर करने का गंभीर आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अंकित शर्मा ने अपनी जन्मतिथि में करीब पांच साल का अंतर दर्शाकर सरकारी तंत्र को गुमराह किया और इसका लाभ नौकरी हासिल करने में लिया.
मामला अंकित शर्मा के ससुर की शिकायत के बाद सामने आया. शिकायत में कहा गया कि खेल के क्षेत्र के साथ-साथ इनकम टैक्स इंस्पेक्टर की नौकरी से जुड़े दस्तावेजों में भी जन्मतिथि और अन्य रिकॉर्ड को लेकर गड़बड़ी की गई. शिकायतकर्ता ने सूचना के अधिकार यानी आरटीआई के माध्यम से प्राप्त स्कूल की ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) और अंकसूचियां पुलिस को उपलब्ध कराईं.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच-पड़ताल के बाद मामला दर्ज किया है. अब पुलिस दस्तावेजों की प्रमाणिकता और उनमें दर्ज जन्मतिथि सहित अन्य तथ्यों का मिलान कर रही है. पुलिस ने आरोपी अंकित शर्मा की तलाश भी शुरू कर दी है. हालांकि, दूसरी ओर अंकित शर्मा के परिजनों ने शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है.
परिजनों का कहना है कि अंकित शर्मा और उनके ससुराल पक्ष के बीच तलाक को लेकर विवाद चल रहा है और इसी विवाद के चलते साजिश के तहत उन्हें फंसाने का प्रयास किया जा रहा है.
साक्ष्यों के आधार पर होगी कानूनी कार्रवाई
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है. जांच के दौरान सामने आने वाले दस्तावेजों, बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दस्तावेजों में वास्तव में किसी प्रकार की हेराफेरी हुई थी या लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.
ये भी पढे़ं- Morena: कोतवाली के पास होटल में चल रहा था ‘अय्याशी का अड्डा’! संदिग्ध हालत में पकड़े गए युवक-युवती
